Delhi Metro: प्रधानमंत्री Narendra Modi ने आज राजधानी दिल्ली को बड़ी सौगात देते हुए दो नए मेट्रो कॉरिडोर का उद्घाटन किया और तीन नए कॉरिडोर का शिलान्यास किया। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री Manohar Lal Khattar और दिल्ली की मुख्यमंत्री Rekha Gupta भी मौजूद रहीं। प्रधानमंत्री ने मजलिस पार्क से मौजपुर होते हुए बाबरपुर तक पिंक लाइन और दीपाली चौक से मजलिस पार्क तक मैजेंटा लाइन के नए खंड को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन दोनों कॉरिडोर के शुरू होने से दिल्ली के लाखों यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी।
इन इलाकों को मिलेगा सीधा फायदा:
नए मेट्रो कॉरिडोर से दिल्ली के कई महत्वपूर्ण इलाकों को सीधा फायदा होगा। इनमें मुख्य रूप से बुराड़ी, जगतपुर-वजीराबाद, खूजरी खास, भजनपुरा, यमुना विहार, मधुबन चौक, हैदरपुर बादली मोड़, भलस्वा और मजलिस पार्क शामिल है, इन क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के लिए यात्रा पहले से ज्यादा तेज और सुविधाजनक हो जाएगी। कॉरिडोर की कुल लंबाई मजलिस पार्क–मौजपुर बाबरपुर कॉरिडोर: लगभग 12.3 किलोमीटर दीपाली चौक–मजलिस पार्क कॉरिडोर: लगभग 9.9 किलोमीटर इन परियोजनाओं के शुरू होने से दिल्ली मेट्रो नेटवर्क और भी मजबूत होगा।
महिला दिवस पर नारी शक्ति को दी बधाई:
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर देश की महिलाओं को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भारत आज महिला सशक्तिकरण की नई कहानी लिख रहा है और हर क्षेत्र में महिलाएं नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ रही हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि राजधानी दिल्ली केवल देश की राजधानी ही नहीं बल्कि भारत की पहचान और ऊर्जा का प्रतीक भी है। दिल्ली का विकास पूरे देश की छवि को मजबूत करता है।
33,500 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास:
प्रधानमंत्री मोदी ने बताया कि दिल्ली में करीब 33,500 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया गया है। इन परियोजनाओं में मेट्रो विस्तार के साथ-साथ हजारों सरकारी कर्मचारियों के आवास भी शामिल हैं। इसके अलावा जनरल पूल रेजिडेंशियल अकोमोडेशन (GPRA) रिडेवलपमेंट प्लान के तहत लगभग 15,200 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का भी शुभारंभ किया गया।
दिल्ली मेट्रो फेज-5A के तीन नए कॉरिडोर का शिलान्यास:
प्रधानमंत्री ने दिल्ली मेट्रो के फेज-5A के तहत तीन नए कॉरिडोर का शिलान्यास भी किया। इनकी कुल लंबाई लगभग 16 किलोमीटर होगी। इससे भविष्य में दिल्ली के ट्रांसपोर्ट नेटवर्क को और मजबूती मिलेगी। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने दिल्ली मेट्रो की महिला स्टेशन कंट्रोलर और ट्रेन ऑपरेटरों से बातचीत भी की और उनके योगदान की सराहना की।
लाभार्थियों को सौंपी गई फ्लैट की चाबियां:
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने GPRA विकास परियोजनाओं के तहत बने फ्लैटों की चाबियां लाभार्थियों को सौंपीं। केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने बताया कि इस योजना के तहत करीब 6500 मकानों के निर्माण का शिलान्यास भी किया गया है।