उज्जैन। धार्मिक नगरी उज्जैन को देश के प्रमुख आध्यात्मिक केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बड़ी पहल की इच्छा जताई है। श्रृंगेरी शारदा पीठ के शंकराचार्य स्वामी विधुशेखर भारती महाराज के स्वागत समारोह में मुख्यमंत्री ने कहा कि उज्जैन में देश के पांचों शंकराचार्यों के स्थायी आवास बनाए जाने चाहिए।
बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा
उन्होंने बताया कि श्रृंगेरी मठ के बाद द्वारका पीठ के शंकराचार्य के आवास निर्माण को भी मंजूरी दी जा चुकी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उज्जैन विश्व धरोहर है और सिंहस्थ से पहले तथा बाद में शहर में धार्मिक एवं बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा।
महाराज का स्वागत और अभिनंदन किया गया
उज्जैन में श्रृंगेरी शारदा पीठ के नवनिर्मित शंकर मठ में आयोजित प्राण प्रतिष्ठा एवं कुंभाभिषेक महोत्सव में शामिल होने पहुंचे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शंकराचार्य स्वामी विधुशेखर भारती महाराज का स्वागत और अभिनंदन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह उज्जैन और मध्यप्रदेश के लिए सौभाग्य की बात है कि शंकराचार्य महाराज ने यहां अपना स्थायी स्थान बनाया है। अब अपने भ्रमण कार्यक्रम के दौरान जब भी उन्हें अवकाश मिलेगा, वे उज्जैन आकर यहां ठहर सकेंगे।
सभी शंकराचार्यों के स्थायी आवास उज्जैन में बनें
मुख्यमंत्री ने आदि शंकराचार्य के उज्जैन से जुड़े आध्यात्मिक इतिहास का उल्लेख करते हुए कहा कि इसी महाकाल की नगरी में आदि शंकराचार्य ने कापालिकों के साथ साक्षात्कार कर सनातन धर्म की ध्वजा लहराई थी। आज उसी परंपरा में एक नया शुभ अवसर आया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि"हमारा प्रयास है कि श्रृंगेरी मठ सहित बाकी चारों मठों के सभी शंकराचार्यों के स्थायी आवास उज्जैन में बनें। इस सिलसिले में यह पहला स्थान बना है। द्वारका पीठ के शंकराचार्य जी के लिए भी हमने स्वीकृति दी है और वहां निर्माण कार्य चल रहा है।"
उज्जैन विश्व धरोहर है
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने मध्यप्रदेश सरकार की ओर से शंकराचार्य महाराज का स्वागत करते हुए कहा कि उनका उज्जैन आगमन सभी के लिए सौभाग्य का विषय है।उनकी इच्छा है कि देश के सभी शंकराचार्यों का अपना स्थान उज्जैन में हो। उज्जैन केवल स्थानीय रहवासियों की नगरी नहीं, बल्कि विश्व धरोहर है। सिंहस्थ 2028 को ध्यान में रखते हुए शहर में धार्मिक, आध्यात्मिक और बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा।
सिंहस्थ से पहले उज्जैन को मिलेगी नई पहचान
मुख्यमंत्री का यह बयान उज्जैन को देश की पांच प्रमुख शंकराचार्य पीठों के आध्यात्मिक जुड़ाव का केंद्र बनाने की सरकार की मंशा को दर्शाता है। यदि यह योजना साकार होती है तो सिंहस्थ 2028 से पहले उज्जैन की धार्मिक और आध्यात्मिक पहचान को नई ऊंचाई मिल सकती है।