भोपाल : मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में आज से ई-बसों का पैसेंजर ट्रायल शुरू हो गया है। आधुनिक सुविधाओं से लैस यह बसे फ़िलहाल शहर के 3 रूटों पर दौड़ेंगी। जिसमे यात्री निशुल्क 15 अगस्त तक सफर कर सकेंगे। पहले चरण के ट्रायल के लिए शहर में 10 ई-बसें सड़कों पर उतारी गई है।
शहर में इन रास्तों पर चलेंगी ई-बसें
ई-बसों का जिन 3 रूट पर संचालन होगा, उनमें चिरायु हॉस्पिटल से डीबी मॉल मेट्रो स्टेशन वाया बैरागढ़ चिचली तक, चिरायु हॉस्पिटल से डीबी मॉल मेट्रो स्टेशन और फिर कोच फैक्ट्री शामिल हैं। अलग-अलग समय पर कुल 10 बसें दौड़ेंगी। जिसके लिए समय भी निर्धारित कर दिया गया है।
21 नई ई-बसें शहर पहुंची
PM e-Bus Sewa योजना के तहत भोपाल में वर्ष 2026 के अंत तक 10 अलग-अलग रूटों पर 100 इलेक्ट्रिक बसें संचालित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। फिलहाल 21 नई ई-बसें शहर पहुंच चुकी हैं। इनके संचालन और चार्जिंग के लिए संत हिरदाराम नगर में आधुनिक चार्जिंग डिपो तैयार किया गया है
सीसीटीवी, पैनिक बटन बसों में लगाए गए
इस आधुनिक बसों में यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए सीसीटीवी, पैनिक बटन, स्टॉप बटन, जीपीएस आधारित ट्रैकिंग सिस्टम तथा दिव्यांग और वरिष्ठ नागरिकों के लिए हाइड्रोलिक रैंप जैसी आधुनिक सुविधाएं दी गई हैं. बसें लगभग 30 मिनट में चार्ज होकर करीब 250 किलोमीटर तक का सफर तय करने में सक्षम हैं.
15 अगस्त को ई-बस सेवा का औपचारिक शुभारंभ
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल की पब्लिक ट्रांसपोर्ट व्यवस्था को अधिक सुलभ और पर्यावरण-अनुकूल बनाने की दिशा में यह बड़ा कदम उठाया गया है.सूत्रों के अनुसार, यदि ट्रायल सफल रहता है तो 15 अगस्त को ई-बस सेवा का औपचारिक शुभारंभ किया जाएगा। इसके बाद चरणबद्ध तरीके से पूरे भोपाल में इलेक्ट्रिक बस नेटवर्क का विस्तार किया जाएगा।