ODI Ranking 2026: International Cricket Council की ताजा ODI रैंकिंग में भारतीय क्रिकेट टीम ने एक बार फिर अपनी बादशाहत साबित कर दी है। वार्षिक अपडेट के बाद भी भारत दुनिया की नंबर-1 वनडे टीम बना हुआ है। हालांकि इस बार टीम इंडिया और दूसरे स्थान पर मौजूद न्यूजीलैंड के बीच का अंतर थोड़ा कम हुआ है, जिससे आने वाले समय में शीर्ष स्थान की जंग और दिलचस्प होने वाली है। भारतीय टीम के पास फिलहाल 118 रेटिंग अंक हैं। हालांकि उसे एक अंक का नुकसान हुआ है। वहीं न्यूजीलैंड 113 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर पहुंच चुका है और अब वह भारत से सिर्फ 5 अंक पीछे है। इसके अलावा मौजूदा वर्ल्ड चैंपियन ऑस्ट्रेलिया 109 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर कायम है।
साउथ अफ्रीका ने पाकिस्तान को पीछे छोड़ा
ताजा रैंकिंग में सबसे बड़ा फायदा साउथ अफ्रीका को हुआ है। अफ्रीकी टीम ने शानदार प्रदर्शन के दम पर पाकिस्तान को पीछे छोड़ चौथा स्थान हासिल कर लिया है। साउथ अफ्रीका के खाते में 102 रेटिंग अंक हैं, जबकि पाकिस्तान 98 अंकों के साथ पांचवें नंबर पर खिसक गया है। इसके अलावा श्रीलंका छठे, अफगानिस्तान सातवें और इंग्लैंड आठवें स्थान पर मौजूद है। बांग्लादेश और वेस्टइंडीज क्रमशः नौवें और दसवें स्थान पर बने हुए हैं।
वर्ल्ड कप 2027 के लिए अहम है रैंकिंग
यह रैंकिंग सिर्फ प्रतिष्ठा तक सीमित नहीं है, बल्कि ICC क्रिकेट वर्ल्ड कप 2027 के सीधे क्वालिफिकेशन से भी जुड़ी हुई है। 31 मार्च 2027 तक ODI रैंकिंग में टॉप-8 में रहने वाली टीमों को सीधे वर्ल्ड कप में एंट्री मिलेगी। मेजबान साउथ अफ्रीका और जिम्बाब्वे पहले ही टूर्नामेंट के लिए क्वालिफाई कर चुके हैं। ऐसे में यदि साउथ अफ्रीका टॉप-8 में बना रहता है, तो नौवें स्थान पर रहने वाली टीम के लिए भी डायरेक्ट क्वालिफिकेशन का रास्ता खुल सकता है।
आयरलैंड और USA को फायदा
नई रैंकिंग में आयरलैंड ने जिम्बाब्वे को पीछे छोड़ 11वां स्थान हासिल किया है। वहीं USA 13वें नंबर पर पहुंच गया है। इसके अलावा UAE ने कनाडा को पीछे छोड़ 19वां स्थान अपने नाम कर लिया है।
अफगानिस्तान सीरीज से शुरू होगी भारत की तैयारी
भारतीय टीम अब 2027 वर्ल्ड कप की तैयारियों में जुटने वाली है। इसकी शुरुआत अगले महीने घरेलू मैदान पर अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की ODI सीरीज से होगी। टीम इंडिया के लिए आने वाले मुकाबले बेहद अहम होंगे, क्योंकि न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया लगातार शीर्ष स्थान के करीब पहुंच रहे हैं। अगर भारत को नंबर-1 का ताज बचाए रखना है, तो उसे आगामी वनडे सीरीज में लगातार अच्छा प्रदर्शन करना होगा।
ICC ODI Team Rankings 2026
रैंक टीम रेटिंग अंक
1 भारत 118
2 न्यूजीलैंड 113
3 ऑस्ट्रेलिया 109
4 साउथ अफ्रीका 102
5 पाकिस्तान 98
6 श्रीलंका 96
7 अफगानिस्तान 93
8 इंग्लैंड 89
9 बांग्लादेश 84
10 वेस्टइंडीज 74