होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

ईरान तनाव के बीच तेल टैंकरों की नई चाल, ट्रांसपोंडर बंद कर होर्मुज स्ट्रेट से निकले जहाज...

ईरान तनाव के बीच तेल टैंकरों की नई चाल, ट्रांसपोंडर बंद कर होर्मुज स्ट्रेट से निकले जहाज...

मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव के बीच दुनिया के सबसे संवेदनशील समुद्री मार्ग होर्मुज स्ट्रेट में तेल टैंकरों की गतिविधियां अचानक चर्चा का विषय बन गई हैं। कच्चा तेल लेकर जा रहे तीन बड़े टैंकरों ने हाल के दिनों में अपने ट्रांसपोंडर सिस्टम बंद कर होर्मुज स्ट्रेट पार किया, जिससे वैश्विक तेल बाजार और सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ गई है। शिपिंग डेटा फर्म केप्लर और LSEG की रिपोर्ट के मुताबिक, इन जहाजों ने ईरानी निगरानी और संभावित हमलों से बचने के लिए समुद्र में अपनी लोकेशन छिपाई। इस रणनीति को अब खाड़ी क्षेत्र से तेल निर्यात जारी रखने के नए तरीके के रूप में देखा जा रहा है।

दो सुपर टैंकरों में था 20-20 लाख बैरल तेल

डेटा के अनुसार, दो बहुत बड़े क्रूड कैरियर (VLCC)-एजियोस फेनौरियोस वन और कियारा एम-रविवार को होर्मुज स्ट्रेट पार करने में सफल रहे। दोनों जहाजों में इराक का लगभग 20-20 लाख बैरल कच्चा तेल भरा हुआ था। एजियोस फेनौरियोस वन वियतनाम की ओर बढ़ रहा है, जहां 26 मई तक इसके पहुंचने की संभावना है। यह जहाज न्ही सन रिफाइनरी एंड पेट्रोकेमिकल फैसिलिटी में तेल उतारेगा। जानकारी के मुताबिक, यह टैंकर 17 अप्रैल को इराक से बसरा मीडियम क्रूड लेकर निकला था और इससे पहले दो बार होर्मुज पार करने की कोशिश में असफल रहा था। ग्रीस की शिपिंग कंपनी ईस्टर्न मेडिटेरियन मैरीटाइम इस जहाज का संचालन कर रही है।

ट्रांसपोंडर बंद कर समुद्र में ‘गायब’ हुए जहाज

रिपोर्ट के अनुसार, कियारा एम ने भी गल्फ से बाहर निकलते समय अपना ट्रांसपोंडर सिस्टम बंद कर दिया था। समुद्री ट्रैकिंग सिस्टम बंद होने से जहाजों की वास्तविक स्थिति का पता लगाना मुश्किल हो जाता है। सैन मैरिनो के झंडे वाले इस जहाज का संचालन शंघाई स्थित कंपनी कर रही है, जबकि इसका मालिकाना हक मार्शल आइलैंड्स में रजिस्टर्ड संस्था के पास है। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि इसमें भरे 20 लाख बैरल बसरा क्रूड को आखिर कहां उतारा जाएगा।

ADNOC भी उठा रही बड़ा जोखिम

इससे पहले VLCC बशरा एनर्जी ने 1 मई को अबू धाबी नेशनल ऑयल कंपनी (ADNOC) के जिर्कू टर्मिनल से लगभग 20 लाख बैरल अपर जाकुम क्रूड लोड किया था। यह जहाज 6 मई को होर्मुज स्ट्रेट पार कर गया और बाद में फुजैरा ऑयल टर्मिनल पर अपना माल उतारा। बताया जा रहा है कि ADNOC और उसके खरीदार लगातार ऐसे जहाजों का इस्तेमाल कर रहे हैं, ताकि खाड़ी क्षेत्र में फंसे तेल को सुरक्षित बाहर निकाला जा सके।

क्यों अहम है होर्मुज स्ट्रेट?

होर्मुज स्ट्रेट दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण तेल मार्गों में से एक है। वैश्विक तेल सप्लाई का बड़ा हिस्सा इसी रास्ते से गुजरता है। ईरान और पश्चिमी देशों के बीच बढ़ते तनाव के कारण इस क्षेत्र में हर गतिविधि पर अंतरराष्ट्रीय बाजार की नजर बनी हुई है। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि होर्मुज में तनाव और बढ़ता है, तो इसका असर सीधे वैश्विक कच्चे तेल की कीमतों और सप्लाई चेन पर पड़ सकता है।


संबंधित समाचार