होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

नवा रायपुर में बनेगा सेमीकंडक्टर हब, पॉलीमेटेक के 10.13 हेक्टेयर SEZ को केंद्र सरकार की मंजूरी

नवा रायपुर में बनेगा सेमीकंडक्टर हब, पॉलीमेटेक के 10.13 हेक्टेयर SEZ को केंद्र सरकार की मंजूरी

रायपुर:  छत्तीसगढ़ की राजधानी नवा रायपुर (अटल नगर) को सेमीकंडक्टर उद्योग के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि मिली है। पॉलीमेटेक इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड के प्रस्तावित सेमीकंडक्टर एवं इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट्स स्पेशल इकोनॉमिक ज़ोन (SEZ) को भारत सरकार के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय ने आधिकारिक अधिसूचना जारी कर मंजूरी दे दी है। इस फैसले से प्रदेश में हाई-टेक मैन्युफैक्चरिंग, निवेश और रोजगार के नए अवसर खुलने की उम्मीद जताई जा रही है।

10.13 हेक्टेयर भूमि को मिला SEZ का दर्जा

भारत सरकार की अधिसूचना के अनुसार नवा रायपुर के मंदिर हसौद क्षेत्र में स्थित प्लॉट नंबर 17/ए, 17/बी और 16/1ए सहित कुल 10.13 हेक्टेयर भूमि को विशेष आर्थिक क्षेत्र (SEZ) घोषित किया गया है। इससे पहले 9 जून 2026 को केंद्र सरकार ने इस परियोजना के विकास, संचालन और रखरखाव के लिए कंपनी को लेटर ऑफ अप्रूवल (LoA) जारी किया था।

इलेक्ट्रॉनिक्स और सेमीकंडक्टर उद्योग को मिलेगा बढ़ावा

इस परियोजना का उद्देश्य भारत में सेमीकंडक्टर और इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट्स के उत्पादन को बढ़ावा देना है। प्रस्तावित SEZ के जरिए निर्यात-उन्मुख विनिर्माण, आधुनिक इलेक्ट्रॉनिक्स उत्पादन और वैश्विक प्रतिस्पर्धा के अनुरूप उद्योगों के विकास को गति मिलने की संभावना है। साथ ही छत्तीसगढ़ को उभरते सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम का महत्वपूर्ण केंद्र बनाने की दिशा में यह एक बड़ा कदम माना जा रहा है।

SEZ के लिए बनाई गई अनुमोदन समिति

सरकार ने अधिसूचना के साथ इस विशेष आर्थिक क्षेत्र के लिए अनुमोदन समिति (Approval Committee) का भी गठन किया है। इसके अलावा 6 जुलाई 2026 से इस SEZ को सीमा शुल्क अधिनियम, 1962 के तहत इनलैंड कंटेनर डिपो (ICD) का दर्जा भी दिया गया है। इससे आयात-निर्यात प्रक्रिया, कस्टम क्लीयरेंस और लॉजिस्टिक सुविधाएं अधिक सुगम होंगी।

पॉलीमेटेक ने जताया सरकार का आभार

पॉलीमेटेक इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी एसवारा राव नंदम ने कहा कि नवा रायपुर में SEZ की अधिसूचना कंपनी की विकास यात्रा का महत्वपूर्ण पड़ाव है। उन्होंने केंद्र और छत्तीसगढ़ सरकार का सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भारत को मजबूत सेमीकंडक्टर विनिर्माण केंद्रों की आवश्यकता है और कंपनी इस दिशा में दीर्घकालिक निवेश के लिए प्रतिबद्ध है।

अटल नगर को बताया भविष्य का मैन्युफैक्चरिंग हब

कंपनी के अनुसार अटल नगर में आधुनिक बुनियादी ढांचा, बेहतर कनेक्टिविटी, स्थिर बिजली आपूर्ति और उद्योग-अनुकूल वातावरण उपलब्ध है। यही कारण है कि यह क्षेत्र उन्नत विनिर्माण इकाइयों के लिए उपयुक्त माना जा रहा है। कंपनी का दावा है कि परियोजना के शुरू होने से कुशल रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और भारत की इलेक्ट्रॉनिक्स वैल्यू चेन को मजबूती मिलेगी।

आत्मनिर्भर भारत मिशन को मिलेगी मजबूती

पॉलीमेटेक ने कहा कि वह संबंधित सरकारी एजेंसियों के साथ मिलकर SEZ के बुनियादी ढांचे के विकास और संचालन का कार्य आगे बढ़ाएगी। कंपनी अपनी वित्तीय क्षमता के आधार पर इस परियोजना को विकसित करेगी, जिससे देश में सेमीकंडक्टर और इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता को बढ़ावा मिलेगा।


संबंधित समाचार