रायपुर। छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ आदिवासी नेता एवं पूर्व सांसद नंदकुमार साय पैर में चोट लगने के कारण अस्वस्थ हैं। उनके स्वास्थ्य की जानकारी मिलने पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने संवेदनशील पहल करते हुए उन्हें अपने साथ हेलीकॉप्टर से रायपुर पहुंचाया। बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रायपुर के बालाजी अस्पताल में उनके उपचार की व्यवस्था की गई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पत्रकारों से बातचीत में नंदकुमार साय के स्वास्थ्य को लेकर जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि करीब दो दिन पहले नंदकुमार साय फिसलकर गिर गए थे, जिससे उनके पैर में चोट आ गई। चोट के चलते उन्हें चलने-फिरने में परेशानी हो रही थी।
जशपुर में नंदकुमार साय से मिलने पहुंचे थे मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बताया कि जशपुर प्रवास के दौरान उनका एक कार्यक्रम नंदकुमार साय के निवास के नजदीक आयोजित था। इस दौरान उन्होंने रात में उनके घर पहुंचकर मुलाकात की और स्वास्थ्य का हालचाल जाना। बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री को पता चला कि पैर में चोट के कारण नंदकुमार साय को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इसके बाद मुख्यमंत्री ने उन्हें बेहतर उपचार के लिए रायपुर ले जाने का निर्णय लिया।
हेलीकॉप्टर से रायपुर लाए गए नंदकुमार साय
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बताया कि उन्हें भी उसी दिन रायपुर लौटना था। ऐसे में उन्होंने नंदकुमार साय को अपने हेलीकॉप्टर में साथ लाने का फैसला किया, ताकि उन्हें लंबी सड़क यात्रा के दौरान किसी तरह की असुविधा न हो। रायपुर पहुंचने के बाद उनके इलाज के लिए बालाजी अस्पताल में आवश्यक व्यवस्था की गई है। मुख्यमंत्री की इस पहल को वरिष्ठ नेता के स्वास्थ्य के प्रति संवेदनशीलता के तौर पर देखा जा रहा है।
भाजपा के वरिष्ठ नेता रह चुके हैं नंदकुमार साय
नंदकुमार साय छत्तीसगढ़ की राजनीति में लंबे समय से सक्रिय रहे हैं। वे पूर्व सांसद होने के साथ ही भाजपा के वरिष्ठ आदिवासी नेताओं में शामिल रहे हैं। हालांकि, बाद में उन्होंने भाजपा छोड़कर कांग्रेस का दामन थाम लिया था। उनके चोटिल होने की खबर सामने आने के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा उन्हें हेलीकॉप्टर से रायपुर लाने और बेहतर उपचार की व्यवस्था कराने का मामला चर्चा में है।