इंदौर। शहर की कृष्णबाग कॉलोनी में लंबे समय से चले आ रहे जमीन विवाद के बाद आखिरकार मकानों को तोड़ने की कार्रवाई शुरू हो गई है। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुपालन में नगर निगम की टीम ने इलाके में बुलडोजर चलाना शुरू कर दिया है। इस कार्रवाई के तहत करीब 62 मकानों को ध्वस्त किया जाना है।
2003 में जमीन श्रीराम बिल्डर्स ने खरीदी
जानकारी के मुताबिक, कृष्णबाग कॉलोनी की जमीन को लेकर श्रीराम बिल्डर और स्थानीय रहवासियों के बीच लंबे समय से कानूनी विवाद चल रहा था। मामला सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचा, जहां फैसला बिल्डर के पक्ष में आया। इसके बाद रहवासियों को मकान खाली करने के निर्देश दिए गए थे।
अब तक करीब 25 मकान तोड़े जा चुके
सोमवार को नगर निगम की टीम जेसीबी मशीनों के साथ मौके पर पहुंची और मकानों को हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी। अब तक करीब 25 मकान तोड़े जा चुके हैं, जबकि अन्य मकानों पर कार्रवाई जारी है।
इलाके में मची हलचल
वहीं, इस मामले में 19 रहवासियों को हाईकोर्ट से अंतरिम राहत मिली है। कोर्ट के आदेश के चलते फिलहाल इन परिवारों के मकानों पर बुलडोजर नहीं चलाया जाएगा। प्रशासनिक कार्रवाई के बीच इलाके में हलचल बनी हुई है।
भारी प्रशासनिक अमला मौके पर तैनात
इधर, कृष्णबाग कॉलोनी में हंगामे और कानून-व्यवस्था बिगड़ने की आशंका के मद्देनजर कलेक्टर शिवम वर्मा ने भारी प्रशासनिक अमला तैनात किया है। मौके पर 7 एसडीएम, एक संयुक्त कलेक्टर, दो डिप्टी कलेक्टर सहित तहसीलदार और नायब तहसीलदार भी तैनात हैं।
मलबा हटाने लगेगा एक से दो सप्ताह
कृष्णबाग कॉलोनी में अतिक्रमण हटाने के दौरान केवल मकानों को जमींदोज ही नहीं किया जाएगा, बल्कि उनका मलबा भी हटाया जाएगा। मलबा हटाने के बाद जमीन का कब्जा श्रीराम बिल्डर को सौंपा जाना है। प्रशासन ने कार्रवाई के बाद मलबा हटाने की तैयारी भी की है। हालांकि, पूरा मलबा हटाने में एक से दो सप्ताह का समय लग सकता है।
सुबह 07 बजे से जारी है करवाईं
बता दें कि बुलडोजर कार्रवाई सोमवार सुबह 7 बजे से जारी है। अभी तक 25 से 30 मकानों को तोड़ा जा सका है। जबकि शेष मकानों पर कार्रवाई होनी बाकि है। कृष्णबाग कॉलोनी में मकान तोड़ने की कार्रवाई पहले 16 और 17 नवंबर को प्रस्तावित थी, लेकिन पुलिस बल उपलब्ध नहीं होने के कारण इसे टाल दिया गया। इसके बाद 18 और 19 नवंबर को भी कार्रवाई नहीं हो सकी। अब सोमवार को प्रशासन, पुलिस और नगर निगम की संयुक्त टीम ने कार्रवाई शुरू कर दी है।