MP News Today: मध्य प्रदेश में आज का दिन राजनीतिक, प्रशासनिक और मौसम के लिहाज से बेहद अहम रहने वाला है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एक ओर अंतरराष्ट्रीय बाघ दिवस के राज्य स्तरीय कार्यक्रम में शामिल होंगे, वहीं उज्जैन में गुरु पूर्णिमा समारोह के साथ कई विकास कार्यों का लोकार्पण भी करेंगे। दूसरी ओर प्रदेश के कई जिलों में भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। उधर भोपाल में किसानों का आंदोलन तीसरे दिन भी जारी है, जिसके चलते नर्मदापुरम रोड पर यातायात प्रभावित हुआ है और कई स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है।
आज भोपाल और उज्जैन में रहेंगे मुख्यमंत्री मोहन यादव
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सुबह भोपाल में अंतरराष्ट्रीय बाघ दिवस के राज्य स्तरीय कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। इसके बाद वे उज्जैन पहुंचकर गुरु पूर्णिमा महोत्सव में शामिल होंगे। इस दौरान संदीपनी विद्यालयों का लोकार्पण, गीता भवन का उद्घाटन तथा कई विकास परियोजनाओं की सौगात प्रदेशवासियों को देंगे। इसी के साथ आज से भाजपा द्वारा संत रविदास सामाजिक समरसता अभियान की शुरुआत भी होगी। आगामी छह महीनों तक पार्टी कार्यकर्ता संत-महंतों, विद्यार्थियों और समाज के विभिन्न वर्गों से संवाद स्थापित करेंगे। अभियान का शुभारंभ दीपोत्सव के साथ किया जाएगा।
अंतरराष्ट्रीय बाघ दिवस पर होगा राज्य स्तरीय आयोजन
भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे कन्वेंशन सेंटर में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री मुख्य अतिथि होंगे। इस कार्यक्रम के दौरान वह वन विभाग को नए वाहनों की सौगात, वन्यजीव संरक्षण प्रदर्शनी का अवलोकन, वन्यजीवों पर आधारित वृत्तचित्रों के टीजर जारी, उत्कृष्ट वनकर्मियों और वन सुरक्षा समितियों का सम्मान, बाघ संरक्षण और जैव विविधता संरक्षण का संदेश इस आयोजन का उद्देश्य प्रदेश में वन्यजीव संरक्षण को और अधिक मजबूत बनाना है।
मध्य प्रदेश में भारी बारिश का अलर्ट
प्रदेश में सक्रिय मानसून ट्रफ और साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण अगले 24 घंटे मौसम बेहद खराब रहने की संभावना है। इन 5 जिलों में अति भारी बारिश का अलर्ट जिसमें बालाघाट, सिवनी, छिंदवाड़ा, नर्मदापुरम, रायसेन सहित इन जिलों में अगले 24 घंटे के दौरान लगभग 4 इंच तक बारिश होने की संभावना जताई गई है। इसके साथ ही देवास, सीहोर, हरदा, बैतूल, पांढुर्णा, सागर, नरसिंहपुर, दमोह, जबलपुर, छतरपुर सहित भोपाल, इंदौर, उज्जैन, धार, झाबुआ, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, रतलाम, मंदसौर, शाजापुर, ग्वालियर, शिवपुरी, रीवा, सतना, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, पन्ना, टीकमगढ़, निवाड़ी और कई अन्य जिलों में भी तेज बारिश की संभावना बनी हुई है। मौसम विभाग ने नागरिकों को अनावश्यक यात्रा से बचने और नदी-नालों के आसपास सावधानी बरतने की सलाह दी है।
भोपाल में किसानों का आंदोलन तीसरे दिन भी जारी
मूंग की शत-प्रतिशत सरकारी खरीदी और खाद वितरण की टोकन व्यवस्था को लेकर 19 किसान संगठनों का आंदोलन लगातार तीसरे दिन जारी है। प्रदर्शनकारी किसानों ने नर्मदापुरम रोड पर डेरा डाल रखा है, जिससे राजधानी में यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ। किसानों की प्रमुख मांगों में 100 प्रतिशत मूंग खरीदी, खाद वितरण की टोकन व्यवस्था समाप्त करना, किसानों को समय पर भुगतान शामिल है, किसान अब मुख्यमंत्री निवास की ओर कूच की तैयारी में हैं।
स्कूलों में घोषित हुआ अवकाश
किसानों के आंदोलन और संभावित ट्रैफिक जाम को देखते हुए भोपाल जिला प्रशासन ने एहतियातन नर्मदापुरम रोड स्थित सभी सरकारी और निजी स्कूलों में आज अवकाश घोषित किया है। कलेक्टर द्वारा जारी आदेश के अनुसार विद्यार्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया गया है।
सरकार और किसानों के बीच बातचीत जारी
कृषि मंत्री किसानों के प्रतिनिधियों के साथ लगातार चर्चा कर रहे हैं। राज्य सरकार केंद्र सरकार से भी संपर्क बनाए हुए है ताकि मूंग खरीदी के मुद्दे पर व्यावहारिक समाधान निकाला जा सके। सरकारी सूत्रों के अनुसार आज इस मामले में सहमति बनने की संभावना जताई जा रही है।