होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

Morning Breaking: छग को पीएम सूर्यघर एक्सीलेंस अवार्ड, 8 जून से रायपुर में नई सिटी बसें और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन शुरू...

Morning Breaking: छग को पीएम सूर्यघर एक्सीलेंस अवार्ड, 8 जून से रायपुर में नई सिटी बसें और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन शुरू...

Morning Breaking: छत्तीसगढ़ के लिए ऊर्जा क्षेत्र से जुड़ी एक बड़ी उपलब्धि सामने आई है। प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना के तहत राज्य को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया जाएगा। वहीं राजधानी रायपुर में 8 जून से नई सिटी बस सेवा शुरू होने जा रही है। इसके साथ ही राज्य सरकार नागरिकों की शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए मुख्यमंत्री हेल्पलाइन योजना भी लॉन्च करने की तैयारी में है।

पीएम सूर्यघर योजना में छत्तीसगढ़ को मिलेगा राष्ट्रीय सम्मान

प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना के अंतर्गत चलाए गए "Month of Solar" अभियान में बेहतर प्रदर्शन के लिए छत्तीसगढ़ को पीएम सूर्यघर एक्सीलेंस अवार्ड से सम्मानित किया जाएगा। मध्यम उपभोक्ता आधार वाले राज्यों की श्रेणी में सर्वाधिक वेंडर रजिस्ट्रेशन के मामले में राज्य ने देशभर में दूसरा स्थान प्राप्त किया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि यह सम्मान स्वच्छ ऊर्जा, ऊर्जा आत्मनिर्भरता और जनहितकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का परिणाम है। उन्होंने ऊर्जा विभाग, क्रेडा, विद्युत वितरण कंपनियों और संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों को बधाई दी।

मुख्यमंत्री आज दूरदर्शन केंद्र के कार्यक्रम में होंगे शामिल

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज रायपुर स्थित दूरदर्शन केंद्र में आयोजित कार्यक्रम में भाग लेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वे सुबह 11:30 बजे शंकर नगर स्थित दूरदर्शन केंद्र पहुंचेंगे और कार्यक्रम में शामिल होने के बाद दोपहर 12:30 बजे मुख्यमंत्री निवास लौटेंगे।

अवैध खाद कारोबार पर कृषि विभाग की बड़ी कार्रवाई

खरीफ सीजन शुरू होने से पहले कृषि विभाग ने रायपुर जिले के आरंग क्षेत्र में अवैध उर्वरक कारोबार के खिलाफ कार्रवाई की है। ग्राम समोदा में बिना स्रोत प्रमाण पत्र के रखे गए 35.05 मीट्रिक टन उर्वरक को जब्त किया गया। वहीं ग्राम कलई के एक बंद गोदाम से 46 क्विंटल खाद और 35 लीटर तरल उर्वरक बरामद किया गया। विभाग ने दोनों मामलों में कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही किसानों से खाद की कालाबाजारी या अधिक कीमत वसूले जाने की शिकायत प्रशासन को देने की अपील की गई है।

मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 जल्द होगी शुरू

राज्य सरकार नागरिक सेवाओं को अधिक जवाबदेह बनाने की दिशा में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन योजना शुरू करने जा रही है। इसके तहत टोल फ्री नंबर 1076 जारी किया जाएगा। नागरिक अपनी निजी एवं सार्वजनिक समस्याओं से संबंधित शिकायतें हेल्पलाइन, वेब पोर्टल, मोबाइल ऐप और व्हाट्सएप के माध्यम से 24 घंटे दर्ज करा सकेंगे। शिकायतों के निराकरण के लिए जिला स्तर पर विशेष टीमें गठित की जा रही हैं। अब तक 100 से अधिक अधिकारियों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है।

हसदेव अरण्य में पेड़ों की कटाई के खिलाफ कांग्रेस की रणनीति

हसदेव अरण्य क्षेत्र में जंगलों की कटाई को लेकर कांग्रेस ने आंदोलन की तैयारी शुरू कर दी है। पार्टी की आदिवासी सलाहकार समिति जल्द बैठक करेगी। वरिष्ठ आदिवासी नेताओं और जनप्रतिनिधियों से चर्चा के बाद प्रदेशव्यापी आंदोलन की रूपरेखा तैयार की जाएगी।

भाजपा का महाजनसंपर्क अभियान 5 जून से

केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी 5 जून से 21 जून तक प्रदेशव्यापी महाजनसंपर्क अभियान चलाएगी। इस दौरान मुख्यमंत्री, सांसद, विधायक और पार्टी पदाधिकारी जनता के बीच जाकर सरकार की उपलब्धियों की जानकारी देंगे। 10 जून को जिला मुख्यालयों में प्रेस कॉन्फ्रेंस और विकास प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी। वहीं 12 से 14 जून तक मंडल स्तर पर संकल्प सभाएं तथा 15 से 17 जून तक ग्राम और बूथ स्तर पर चौपाल कार्यक्रम होंगे।

मौसम विभाग का अलर्ट, कई जिलों में बारिश के आसार

छत्तीसगढ़ में तेज धूप और गर्मी का असर जारी है। हालांकि मौसम विभाग ने कई जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। सुकमा जिले के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। यहां 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और हल्की बारिश होने की संभावना है। रायपुर, बस्तर और सरगुजा संभाग के कई इलाकों में भी मौसम बदल सकता है।

8 जून से रायपुर में शुरू होगी नई सिटी बस सेवा

राजधानी रायपुर में सार्वजनिक परिवहन को मजबूत बनाने के लिए 8 जून से 8 नई सिटी बसों का संचालन शुरू किया जाएगा। प्रधानमंत्री ई-बस योजना के तहत शहर को 100 बसों की स्वीकृति मिली है। पहले चरण में टाटीबंध, पचपेड़ी नाका, भाटागांव और शास्त्री चौक जैसे प्रमुख मार्गों पर बस सेवा शुरू होगी। नगर निगम के अंतर्गत संचालित होने वाली इस सेवा का किराया 25 रुपये निर्धारित किया गया है।


संबंधित समाचार