Morning Breaking: छत्तीसगढ़ में आज का दिन राजनीतिक, धार्मिक और सामाजिक गतिविधियों के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण रहने वाला है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय राजधानी रायपुर और जशपुर के विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। राजधानी में भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा निकलेगी, जबकि नियमितीकरण और समान काम के लिए समान वेतन की मांग को लेकर राज्य अतिथि शिक्षक कल्याण संघ विधानसभा घेराव करेगा।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का आज का कार्यक्रम
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सुबह राजधानी रायपुर में आयोजित श्री जगन्नाथ रथयात्रा महोत्सव 2026 में शामिल होंगे। इसके बाद वे दोपहर 12 बजे जशपुर के लिए रवाना होंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार दोपहर 1:35 बजे जशपुर में आयोजित रथयात्रा कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। मुख्यमंत्री का रात्रि विश्राम जशपुर में रहेगा।
रायपुर में आज निकलेगी भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा
राजधानी रायपुर में श्री जगन्नाथ रथयात्रा महोत्सव 2026 के तहत सुबह से विशेष पूजा-अर्चना शुरू हो चुकी है। राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय रथयात्रा कार्यक्रम में शामिल होंगे। दोपहर 12 बजे राज्यपाल रमेन डेका पारंपरिक छेरा पहरा की रस्म निभाएंगे। इसके बाद दोपहर 12:30 बजे राज्यपाल और मुख्यमंत्री भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा के रथ पर दर्शन एवं पूजा करेंगे। रथयात्रा गायत्री नगर स्थित मंदिर से शुरू होकर बीटीआई मैदान होते हुए शंकर जगन्नाथ चौक तक पहुंचेगी। शाम करीब 6 बजे रथ को पुनः मंदिर लाया जाएगा। सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं।
अतिथि शिक्षक करेंगे विधानसभा घेराव
राज्य अतिथि शिक्षक कल्याण संघ छत्तीसगढ़ के बैनर तले आज राजधानी रायपुर में विधानसभा घेराव का आयोजन किया जाएगा। संघ की प्रमुख मांगों में अतिथि शिक्षकों का नियमितीकरण, समान कार्य के लिए समान वेतन और सेवा सुरक्षा शामिल है। संघ के अनुसार प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में अतिथि शिक्षक रायपुर पहुंच रहे हैं। प्रदर्शन को शांतिपूर्ण और अनुशासित तरीके से आयोजित करने की तैयारी की गई है।