Morning Breaking: छत्तीसगढ़ में आज कई अहम घटनाक्रम होने जा रहे हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय रायगढ़ जिले के दौरे पर रहेंगे, वहीं राजधानी रायपुर के तेलीबांधा स्थित ऑक्टोपस बार में देर रात लगी भीषण आग ने आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मचा दी। दूसरी ओर बदलते बस्तर की नई तस्वीर देश के सामने रखने के लिए 164 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल दिल्ली रवाना हो चुका है, जो गुरुवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात करेगा। उधर मौसम विभाग ने प्रदेश के कई हिस्सों में अगले चार दिनों तक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
बदलते बस्तर का संदेश लेकर दिल्ली पहुंचा प्रतिनिधिमंडल
बस्तर की नई पहचान, विकास और शांति का संदेश लेकर 164 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल दिल्ली रवाना हो गया है। प्रतिनिधिमंडल गुरुवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात करेगा। दल के सदस्य राष्ट्रपति को बस्तर की जनजातीय संस्कृति, तेजी से हो रहे विकास कार्यों और नक्सलवाद के खिलाफ मिल रही सफलताओं की जानकारी देंगे। प्रतिनिधिमंडल का उद्देश्य देशभर में बस्तर की सकारात्मक छवि को मजबूत करना है।
रायपुर के ऑक्टोपस बार में देर रात लगी भीषण आग
राजधानी रायपुर के तेलीबांधा थाना क्षेत्र स्थित ऑक्टोपस बार में देर रात अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि उसने आसपास की कई दुकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया। दमकल की कई गाड़ियों ने घंटों मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, हालांकि सुबह तक कुछ हिस्सों से धुआं निकलता रहा। आग में कई दोपहिया वाहन भी जलकर पूरी तरह नष्ट हो गए। पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
आज रायगढ़ दौरे पर रहेंगे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज रायगढ़ जिले के दौरे पर रहेंगे। वे राम पंचायत बनोरा अछोली आश्रम में आयोजित गुरु दीक्षा एवं पूजन कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री मनकामेश्वर शिव मंदिर, पंडरीपानी में दर्शन-पूजन करेंगे और कोसमनारा स्थित सतनारायण बाबा आश्रम भी जाएंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शाम तक रायपुर लौटने के बाद मुख्यमंत्री रात में नई दिल्ली के लिए रवाना होंगे, जहां वे छत्तीसगढ़ सदन में रात्रि विश्राम करेंगे।
प्रदेश में फिर सक्रिय हुआ मानसून, कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में मानसून फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक कई जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई है। महासमुंद जिले के बसना में सबसे अधिक 154 मिमी वर्षा दर्ज की गई है। मध्य छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों के लिए रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं सरगुजा और बस्तर संभाग के कुछ क्षेत्रों में भी आगामी दिनों में अच्छी बारिश होने की संभावना जताई गई है।
एकलव्य संवाद में CM साय ने सफल विद्यार्थियों का बढ़ाया उत्साह
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने एकलव्य संवाद कार्यक्रम में नीट-2026 परीक्षा में सफल विद्यार्थियों से संवाद किया। उन्होंने सभी छात्रों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनजातीय समाज के विद्यार्थियों की सफलता पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि प्रतिभा किसी परिस्थिति की मोहताज नहीं होती, बल्कि अवसर, संसाधन और दृढ़ संकल्प सफलता की राह बनाते हैं।