होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

Morning Breaking: CM साय दो जिलों के दौरे पर, आंगनबाड़ी आंदोलन, 299 पदों पर रोजगार मेला; धान खरीदी में आई तेजी

Morning Breaking: CM साय दो जिलों के दौरे पर, आंगनबाड़ी आंदोलन, 299 पदों पर रोजगार मेला; धान खरीदी में आई तेजी

Morning Breaking: छत्तीसगढ़ में आज 19 नवंबर 2026 को कई अहम गतिविधियां देखने को मिलेंगी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय रायपुर और बलौदाबाजार जिले के दौरे पर रहेंगे। वहीं, अपनी मांगों को लेकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाएं आंदोलन के अंतिम दिन काला दिवस मनाएंगी। दूसरी ओर महासमुंद में बेरोजगार युवाओं के लिए 299 पदों पर भर्ती का अवसर उपलब्ध कराया जा रहा है। प्रदेश में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी अभियान भी तेजी से आगे बढ़ रहा है। आइए जानते हैं आज छत्तीसगढ़ की प्रमुख खबरें।

CM विष्णुदेव साय कई कार्यक्रमों में होंगे शामिल

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज राजधानी रायपुर और बलौदाबाजार जिले के प्रवास पर रहेंगे। अपने दौरे के दौरान वे विभिन्न सरकारी और औद्योगिक कार्यक्रमों में हिस्सा लेने के साथ विकास कार्यों से जुड़े आयोजनों में भी शामिल होंगे। निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक मुख्यमंत्री सुबह 11:15 बजे रायपुर स्थित महालेखाकार आवासीय परिसर के सामुदायिक भवन पहुंचेंगे। यहां ऑडिट पखवाड़ा-2026 के उद्घाटन समारोह में शामिल होंगे। इसके बाद दोपहर 12:15 बजे मुख्यमंत्री नवा रायपुर के एक निजी रिसॉर्ट में आयोजित 'छत्तीसगढ़ इंडस्ट्री डायलॉग चैप्टर-3' कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। इस आयोजन में औद्योगिक गतिविधियों और प्रदेश में निवेश से जुड़े विषयों पर चर्चा होगी। मुख्यमंत्री दोपहर 1:40 बजे हेलीकॉप्टर से बलौदाबाजार जिले के लिए रवाना होंगे। यहां दोपहर 2:05 बजे ग्राम सुहेला के दुर्गा मैदान में आयोजित भूमिपूजन और लोकार्पण कार्यक्रम में शामिल होंगे। कार्यक्रम पूरा होने के बाद मुख्यमंत्री दोपहर 3:15 बजे हेलीकॉप्टर से रायपुर के लिए प्रस्थान करेंगे। शाम 3:40 बजे पुलिस ग्राउंड हेलीपैड पहुंचने के बाद 3:50 बजे मुख्यमंत्री निवास के लिए रवाना होंगे।

आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का आज काला दिवस 

छत्तीसगढ़ में अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहीं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के प्रदर्शन का आज तीसरा और आखिरी दिन है। 17 नवंबर से शुरू हुए चरणबद्ध आंदोलन के तहत 19 नवंबर को प्रदेशभर में काला दिवस मनाया जाएगा। इस दौरान आंदोलनकारी महिलाएं काली साड़ी और काला चश्मा पहनकर सरकार के प्रति अपना विरोध दर्ज कराएंगी। उनका कहना है कि लंबे समय से लंबित मांगों पर अब तक अपेक्षित निर्णय नहीं लिया गया है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं की प्रमुख मांगों में नियमितीकरण कर सरकारी कर्मचारी का दर्जा देना और मासिक मानदेय बढ़ाकर 30 हजार रुपये करना शामिल है। इसके अलावा 5G मोबाइल फोन उपलब्ध कराने, इंटरनेट भत्ते को 500 रुपये प्रतिमाह करने और पदोन्नति की उचित व्यवस्था लागू करने की मांग भी उठाई जा रही है। आंदोलनकारी संगठनों ने सरकार को चेतावनी दी है कि यदि मांगों पर जल्द सकारात्मक पहल नहीं हुई तो 11 और 12 दिसंबर को प्रदेशस्तरीय महापड़ाव किया जाएगा। इसके बाद भी समाधान नहीं निकलने पर अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू करने की चेतावनी दी गई है।

महासमुंद में 299 रिक्त पदों पर भर्ती 

महासमुंद जिले के नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए रोजगार पाने का अच्छा अवसर सामने आया है। जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र की ओर से आज 19 नवंबर 2026 को जिला स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के निर्देशानुसार यह रोजगार मेला शासकीय महाप्रभु वल्लभाचार्य स्नातकोत्तर महाविद्यालय, मचेवा, महासमुंद में लगाया जाएगा। मेले का समय सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक निर्धारित किया गया है। उप संचालक रोजगार डॉ. शशिकला अतुलकर के मुताबिक, इस आयोजन के माध्यम से निजी क्षेत्र की कंपनियां कुल 299 रिक्त पदों पर योग्य अभ्यर्थियों का चयन करेंगी। भर्ती में शामिल होने वाली संस्थाओं में स्टार आदर्श होम हेल्थ केयर सर्विसेस सोसायटी, पुष्कल एग्रोटेक लिमिटेड, अलर्ट एसजीएस प्राइवेट लिमिटेड, एनआईआईटी लिमिटेड और भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी), महासमुंद शामिल हैं।

किन पदों पर होगी भर्ती?

रोजगार मेले में बेबी सिटर, केयर टेकर, नर्सिंग स्टाफ, सेल्स रिप्रेजेंटेटिव, सिक्योरिटी गार्ड, सुपरवाइजर, असिस्टेंट सुपरवाइजर और रिलेशनशिप मैनेजर जैसे पदों के लिए भर्ती की जाएगी। इन पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता के रूप में 10वीं, 12वीं, स्नातक, बीएससी नर्सिंग और बीएससी कृषि उत्तीर्ण अभ्यर्थियों को अवसर दिया जाएगा। पद के अनुसार योग्यता अलग-अलग निर्धारित है।

रोजगार मेले में आवेदन कैसे करें?

इच्छुक उम्मीदवारों को सबसे पहले छत्तीसगढ़ रोजगार पोर्टल https://erojgar.cg.gov.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन करना होगा।
रोजगार मेले में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को अपने साथ निम्न दस्तावेज लेकर पहुंचना होगा:
शैक्षणिक योग्यता से संबंधित प्रमाण पत्र।
रोजगार पंजीयन प्रमाण पत्र।
आधार कार्ड की छायाप्रति।
बायोडाटा की कॉपी।
पासपोर्ट साइज फोटो।
अलग-अलग पदों के लिए निर्धारित वेतन, कार्यस्थल, शैक्षणिक योग्यता और रिक्तियों की विस्तृत जानकारी जिला रोजगार कार्यालय महासमुंद अथवा रोजगार विभाग की आधिकारिक वेबसाइट से प्राप्त की जा सकती है।

छत्तीसगढ़ में धान खरीदी ने पकड़ी रफ्तार

छत्तीसगढ़ में खरीफ विपणन वर्ष की धान खरीदी का सिलसिला तेजी से आगे बढ़ रहा है। किसानों से धान खरीदने के लिए सरकार की ओर से प्रति एकड़ अधिकतम 21 क्विंटल तक उपार्जन और 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर निर्धारित की गई है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, प्रदेश में अब तक 1.44 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी पूरी हो चुकी है। किसानों को उपार्जन केंद्रों तक धान पहुंचाने में सुविधा देने के लिए 4.68 लाख से अधिक टोकन जारी किए जा चुके हैं। 18 नवंबर को भी खरीदी केंद्रों में अच्छी गतिविधि देखने को मिली। इस दिन जारी 12,554 टोकन के माध्यम से 48 हजार मीट्रिक टन से ज्यादा धान का उपार्जन किया गया। सरकार की ओर से धान खरीदी व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और किसानों को सुविधाजनक तरीके से अपनी उपज बेचने का अवसर देने पर जोर दिया जा रहा है। आने वाले दिनों में खरीदी की प्रक्रिया में और तेजी आने की उम्मीद है।
 


संबंधित समाचार