भोपाल : मध्य प्रदेश में प्री मानसून गतिविधियां तेज होने के चलते प्रदेश के अधिकतर जगहों में आंधी बारिश का दौर जारी है। इसी के चलते आज भी प्रदेश के 28 जिलों में बारिश-आंधी का अलर्ट मौसम विभाग ने जारी किया है। साथ ही 3 शहरों में हीटवेव की चेतावनी भी दी गई है। इन जिलों में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। इसके साथ ही प्रदेशवासियों को मानसून की दस्तक के लिए थोड़ा और इंतजार करना पड़ेगा।
22 से 24 जून के बीच मानसून देगा दस्तक
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में मानसून 22 से 24 जून के बीच प्रवेश कर सकता है। निर्धारित समय से देरी होने के कारण फिलहाल प्रदेशवासियों को तेज गर्मी और उमस का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि प्री-मानसून गतिविधियों के चलते कुछ इलाकों में मौसम राहत भी दे सकता है। मौसम विभाग ने फ़िलहाल ग्वालियर, नीमच, मंदसौर सहित 28 जिलों में तेज हवाओं, गरज-चमक और हल्की से मध्यम बारिश को लेकर पूर्वानुमान जारी किया है।
इन जिलों में बारिश-आंधी का अलर्ट
ग्वालियर, नीमच, मंदसौर, आगर-मालवा, राजगढ़, गुना, अशोकनगर, विदिशा, शिवपुरी, श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, बुरहानपुर, खंडवा, हरदा, नर्मदापुरम, बैतूल, नरसिंहपुर, पांढुर्णा, जबलपुर, सिवनी, मंडला, डिंडौरी और अनूपपुर में आंधी-बारिश का दौर रहेगा। वहीं भोपाल, इंदौर, उज्जैन, झाबुआ, अलीराजपुर, बड़वानी, धार, खरगोन, शाजापुर, देवास, सीहोर, रायसेन, सागर, दमोह, पन्ना, सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, मैहर, कटनी, उमरिया और शहडोल में गर्मी का असर रहेगा।
मानसून की जल्द रफ्तार बढ़ेगी
मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले कुछ दिनों में अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से आने वाली नमी के प्रभाव से मानसून की रफ्तार बढ़ेगी और प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश का दौर शुरू हो जाएगा।