सतना: मध्यप्रदेश के सतना जिले के मझगवां ब्लॉक अंतर्गत सुरांगी गांव में गंभीर कुपोषण के कारण एक मासूम बच्ची सुप्रांशी की मौत के मामले में स्वास्थ्य विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। राज्य स्तरीय जांच टीम की रिपोर्ट के बाद नेशनल हेल्थ मिशन (एनएचएम) की अपर मिशन संचालक दिशा प्रणय नागवंशी ने बड़ी कार्रवाई की है।
इन अधिकारियों को मिला नोटिस
अपर मिशन संचालक ने फील्ड से लेकर अस्पताल स्तर पर मिली गंभीर लापरवाहियों को लेकर जिला परियोजना प्रबंधक (डीपीएम) राकेश कर्ष, मझगवां बीएमओ डॉ. रुपेश सोनी, डीसीएम डॉ. ज्ञानेश मिश्रा, बीसीएम देवमुनी पटेल और अर्जुनपुर की कम्यूनिटी हेल्थ ऑफिसर को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। इन सभी से 7 दिनों के भीतर जवाब मांगा गया है, संतोषजनक जवाब न मिलने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
प्रभारी नर्सिंग अधिकारी को भी नोटिस
इसके अतिरिक्त, जिला अस्पताल के लेबर रूम में मिली भारी अव्यवस्थाओं, जैसे बंद एसी, अक्रियाशील न्यूबॉर्न केयर कॉर्नर, धूल जमे उपकरण और प्रसूता को 48 घंटे तक रोके रखने को लेकर प्रभारी नर्सिंग ऑफिसर को भी नोटिस जारी कर 15 दिन में जवाब तलब किया गया है। फिलहाल, इस पूरे मामले पर जिले के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज शुक्ला अवकाश पर हैं और प्रशासनिक अधिकारियों ने मीडिया से दूरी बना रखी है।