MP BLO Salary Hike: मध्यप्रदेश में बूथ लेवल अधिकारियों BLO को लंबे समय बाद निर्वाचन आयोग से बड़ी राहत मिली है। आयोग ने बीएलओ के वार्षिक मानदेय में महत्वपूर्ण बढ़ोतरी करते हुए अब उन्हें 12,000 रुपए प्रतिवर्ष देने का निर्णय लिया है। पहले यह राशि मात्र 6,000 रुपए थी। बढ़ी हुई राशि आगामी मतदाता सूची पुनरीक्षण प्रक्रिया से लागू होगी।
बढ़ाई प्रोत्साहन राशि भी
मानदेय के साथ-साथ आयोग ने बीएलओ को मिलने वाले प्रोत्साहन में भी परिवर्तन किया है। अब विशेष पुनरीक्षण कार्य के लिए प्रोत्साहन 1,000 से बढ़ाकर 2,000 रुपए कर दिया गया है। इससे फील्ड कार्य में जुटे अधिकारियों को अतिरिक्त आर्थिक सहारा मिलेगा।
पर्यवेक्षकों और अधिकारियों के मानदेय में भी संशोधन
आयोग ने इस बार केवल बीएलओ ही नहीं, बल्कि उनसे जुड़े वरिष्ठ अधिकारियों के मानदेय में भी बदलाव किया है। बीएलओ पर्यवेक्षक, अब 18,000 रुपए वार्षिक, ईआरओ पहली बार 30,000 रुपए वार्षिक, एईआरओ 25,000 रुपए वार्षिक और विशेष गहन पुनरीक्षण अतिरिक्त 6,000 रुपए। यह पहली बार है जब उच्च स्तर के निर्वाचन अधिकारियों को स्पष्ट तौर पर तय वार्षिक मानदेय प्रदान किया गया है।
प्रदेश में 65 हजार से अधिक BLO
ताज़ा आंकड़ों के अनुसार, मध्यप्रदेश में वर्तमान में 65,014 से अधिक बूथ लेवल अधिकारी कार्यरत हैं। ये अधिकारी मतदाता सूची में सुधार, सत्यापन और फील्ड स्तर पर किए जाने वाले तमाम कार्यों में निर्वाचन आयोग की रीढ़ माने जाते हैं। आयोग का कहना है कि मतदाता डेटा की शुद्धता सुनिश्चित करने में बीएलओ और पर्यवेक्षक सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, इसलिए उनका मानदेय बढ़ाया गया है।