होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
बिजनेस
मनोरंजन
जरा हटके
सेहत
अध्यात्म
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

Lok Sabha Election 2024 : सीधी, शहडोल, मंडला, जबलपुर बालाघाट व छिंदवाड़ा में मतदान शुरू

Lok Sabha Election 2024 : सीधी, शहडोल, मंडला, जबलपुर बालाघाट व छिंदवाड़ा में मतदान शुरू

भोपाल। मध्यप्रदेश में पहले चरण में 6 संसदीय क्षेत्रों में मतदान का आगाज शुक्रवार को होगा। सुबह 5.30 बजे से मॉक पोल होगा और सात बजे से वोटिंग शुरू होगी। मॉक पोल के दौरान उम्मीदवार और उनके अधिकृत एजेंट मौजूद रह सकेंगे। इस दौरान नोटा पर भी वोट डाला जाएगा। सीधी, शहडोल, मंडला, जबलपुर, बालाघाट और छिंदवाड़ा में पहले चरण में होने वाले मतदान के लिए मतदान दल पहुंच गए हैं। बालाघाट के तीन विधानसभा क्षेत्रों लांजी, बैहर और परसवाड़ा में नक्सल एरिया होने के चलते सुबह सात से दोपहर बाद 4 बजे तक का मतदान समय तय किया गया है। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन ने गुरुवार को मतदान की जानकारी देते हुए बताया कि वोटिंग के दौरान किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इसके लिए संबंधित अधिकारियों की टीम लगातार मतदान केंद्रों का भ्रमण करेगी और असामाजिक तत्वों के विरुद्ध तुरंत एक्शन लेगी। पहले चरण के मतदान छह लोकसभा क्षेत्र के लिए 47 विधानसभा क्षेत्रों में होना है। इन लोकसभा में 13 जिले शामिल हैं।

 कुल 13588 मतदान केंद्रों में वोटिंग होगी। इसमें संवेदनशील मतदान केंद्र 2651 हैं। वहीं 221 बल्नरेबल क्षेत्रों को भी चिन्हित किया गया है। खास बात यह भी है कि इस बार एक एयर एंबुलेंस और हेलीकाप्टर की व्यवस्था भी की गई है। एयर एंबुलेंस मतदान समाप्ति तक जबलपुर में उपलब्ध रहेगी। वहीं एक हेलीकाप्टर मतदान होने तक बालाघाट में रहेगा। 

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन ने प्रदेश के सभी मतदाताओं से लोकतन्त्र के महापर्व में अपनी सहभागिता करते हुए लोकसभा निर्वाचन-2024 के विभिन्न चरणों में मतदान जरूर करने का आह्वान किया है। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा है कि 19 अप्रैल को अपने मतदान केन्द्र पर पहुंचकर निर्भय होकर मतदान कर भारतीय लोकतंत्र को मजबूत बनाने में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं। राजन ने कहा है कि मतदान के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। किसी भी तरह की अफवाह फैलाने वालों के विरूद्ध कड़ी कार्यवाही की जाएगी।

मतदान कर्मचारी की मौत, 15 लाख रूपए सहायता राशि के आदेश: मतदान दलों के रवाना होने के दौरान गुरूवार को मंडला जिले के एक मतदान कर्मचारी मनीराम कावरे की हार्ट अटैक से मृत्यु हुई है। उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया पर बचाया नहीं जा सका है। उनकी मृत्यु के बाद आयोग की ओर से तय 15 लाख की सहायता राशि देने के आदेश हो गए हैं और पत्नी को अनुकंपा नियुक्ति दिए जाने के लिए निर्देशित किया गया है। 

771 मतदाता की 100 वर्ष से ज्यादा:प्रथम चरण के लिए एक करोड़ 13 लाख 9 हजार 636 मतदाता हैं। इसमें 57 लाख 20 हजार 780 पुरुष और 55 लाख 88 हजार 669 महिला मतदाता व 187 थर्ड जेंडर मतदाता है। इसमें 3 लाख 44 हजार 244 मतदाता 18-19 वर्ष और 26 लाख 54 हजार 435 मतदाता 20 से 29 वर्ष आयु के हैं। वहीं 771 मतदाताओं की आयु 100 प्लस हैं।

49,334 पर हुई प्रतिबंधात्मक कार्यवाही 21,887 हथियार जमा  

पहले चरण के लोकसभा निर्वाचन क्षेत्रों में अब तक 49,334 व्यक्तियों पर प्रतिबंधात्मक कार्यवाही की गई है। वहीं 21,887 लाइसेंसी हथियार जमा कराए गए हैं। 192 फ्लाइंग स्क्वाड टीम और 223 स्टेटिक सर्विलांस टीमें तैनात की गई हैं। वहीं प्रदेशभर में 284503 लाइसेंसी हथियार में से 272937 जमा कराए जा चुके हैं। 790 सुरक्षा की दृष्टि से 7971 शस्त्र को छूट दी गई है। वहीं 3151 अवैध हथियार जब्त किए गए हैं। पूरे प्रदेश में 793 फ्लाइंग स्क्वाड टीम और 912 स्टेटिक सर्विलांस टीमें तैनात की गई हैं।
 
अभ्यर्थी 200 मीटर के क्षेत्र के बाहर अपना स्टॉल लगा सकेगा

मतदान दिवस पर अभ्यर्थी को अपने लिए एक वाहन, एजेंट के लिए एक वाहन और विधानसभा क्षेत्र के मान से अभ्यर्थी के एजेंट अथवा पार्टी कार्यकर्ता के लिए एक वाहन के उपयोग की पात्रता होगी। अभ्यर्थी मतदान केंद्र के 200 मीटर के क्षेत्र के बाहर अपना स्टॉल लगा सकेगा। इसका व्यय अभ्यर्थी के निर्वाचन व्यय में जुड़ेगा। शिकायतों के लिए कंट्रोल रूम बनाया गया है। राज्य स्तरीय टोल फ्री नंबर 1800 2330 1950 जारी किया गया है।


संबंधित समाचार