होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

बोल बम की गूंज: कुरूद से 275 शिवभक्त बाबा बैद्यनाथ धाम के लिए रवाना, 105 KM पैदल करेंगे यात्रा

बोल बम की गूंज: कुरूद से 275 शिवभक्त बाबा बैद्यनाथ धाम के लिए रवाना, 105 KM पैदल करेंगे यात्रा

धमतरी जिले के कुरूद से बाबा बैद्यनाथ धाम कांवड़ यात्रा का शुभारंभ श्रद्धा और उत्साह के साथ हुआ। बोल बम सेवा समिति के तत्वावधान में आयोजित इस धार्मिक यात्रा में इस वर्ष 275 शिवभक्त शामिल हुए। शनिवार दोपहर केनाल रोड स्थित बाबा बैद्यनाथ मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालुओं का जत्था देवघर के लिए रवाना हुआ।

बस और ट्रेन से रवाना हुए श्रद्धालु

समिति के अनुसार यात्रा में शामिल 130 श्रद्धालु तीन वातानुकूलित बसों से रवाना हुए, जबकि 145 से अधिक श्रद्धालु ट्रेन के माध्यम से देवघर के लिए निकले। प्रस्थान से पहले सभी श्रद्धालुओं ने मंदिर में भगवान शिव का आशीर्वाद लिया। यात्रा के दौरान जत्था मां चंडी मंदिर और जलेश्वर महादेव मंदिर भी पहुंचा, जहां विधायक अजय चंद्राकर और नगर पालिका अध्यक्ष ज्योति चंद्राकर ने श्रद्धालुओं का स्वागत कर सफल एवं सुरक्षित यात्रा की शुभकामनाएं दीं।

26 वर्षों से जारी है शिवभक्ति का अभियान

बोल बम सेवा समिति के अध्यक्ष भानु चंद्राकर ने बताया कि समिति पिछले 26 वर्षों से लगातार बाबा बैद्यनाथ धाम कांवड़ यात्रा का आयोजन कर रही है। इस अवधि में 10 हजार से अधिक शिवभक्तों को देवघर की यात्रा कराई जा चुकी है। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष समिति ने इस यात्रा के रजत जयंती वर्ष का भी आयोजन किया था।

सुल्तानगंज से शुरू होगी 105 किलोमीटर की पदयात्रा

यात्रा कार्यक्रम के अनुसार 3 अगस्त, सावन के पहले सोमवार को श्रद्धालु सुल्तानगंज में गंगा जल भरकर 105 किलोमीटर की पैदल कांवड़ यात्रा शुरू करेंगे। चार दिन की यात्रा के बाद सभी श्रद्धालु बाबा बैद्यनाथ धाम पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक करेंगे। इसके बाद वे बासुकीनाथ मंदिर में भी पूजा-अर्चना कर अपनी धार्मिक यात्रा पूर्ण करेंगे।

सावन भर होंगे धार्मिक आयोजन

समिति ने बताया कि श्रद्धालुओं की वापसी के बाद पूरे सावन माह में केनाल रोड स्थित बाबा बैद्यनाथ मंदिर में प्रत्येक सोमवार विशेष पूजा और धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा 16 और 17 अगस्त को दो दिवसीय भव्य संगीत संध्या का आयोजन भी किया जाएगा। बोल बम सेवा समिति का कहना है कि इस तरह के धार्मिक आयोजन समाज में शिवभक्ति, सनातन संस्कृति और सामाजिक एकता को मजबूत करने का माध्यम बन रहे हैं।


संबंधित समाचार