जबलपुर। मध्य प्रदेश की संस्कारधानी जबलपुर को एक बड़ी सौगात देते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शहर के एयरपोर्ट का नाम वीरांगना रानी दुर्गावती के नाम पर रखने की घोषणा की है। यह घोषणा उन्होंने रानी दुर्गावती के 463वें बलिदान दिवस पर आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान की।
केंद्र को जल्द भेजा जाएगा प्रस्ताव
मुख्यमंत्री ने कहा कि जबलपुर एयरपोर्ट के नामकरण का प्रस्ताव जल्द ही राज्य सरकार की अनुशंसा के साथ केंद्र सरकार को भेजा जाएगा। इसके लिए प्रधानमंत्री और केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्रालय से आवश्यक अनुमोदन प्राप्त करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। उन्होंने विश्वास जताया कि यह कदम प्रदेश के गौरवशाली इतिहास और रानी दुर्गावती के अद्वितीय योगदान को नई पहचान देगा।
रानी दुर्गावती के शौर्य, बलिदान को किया गया याद
इस दौरान मौके पर सीएम के साथ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह तथा अन्य जनप्रतिनिधियों मौके पर मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान रानी दुर्गावती के शौर्य, बलिदान और जनसेवा को याद किया गया।
500 करोड़ रुपये की लागत से बनेगा ZOO
मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि जबलपुर में रानी दुर्गावती की स्मृति में करीब 500 करोड़ रुपये की लागत से एक आधुनिक चिड़ियाघर और वन्यजीव रेस्क्यू सेंटर विकसित किया जाएगा। यह परियोजना प्रदेश की प्रमुख पर्यटन और वन्यजीव संरक्षण योजनाओं में शामिल होगी। सरकार का मानना है कि इन पहलों से न केवल रानी दुर्गावती की विरासत को सम्मान मिलेगा, बल्कि जबलपुर की पहचान और पर्यटन संभावनाओं को भी नया विस्तार मिलेगा।