होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

IPL मैच देखने पहुंचे दर्शकों को लगा झटका! पानी 150 रुपये, दोगुने-तीन गुने दाम पर बिका खाना 

IPL मैच देखने पहुंचे दर्शकों को लगा झटका! पानी 150 रुपये, दोगुने-तीन गुने दाम पर बिका खाना 

शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में रविवार को खेले गए आरसीबी और मुंबई इंडियंस के मुकाबले ने क्रिकेट प्रेमियों को रोमांच तो खूब दिया, लेकिन स्टेडियम के अंदर मौजूद हजारों दर्शकों के लिए यह अनुभव कई परेशानियों से भरा रहा। मैच देखने पहुंचे लोगों ने खाने-पीने की चीजों के ऊंचे दाम, खराब नेटवर्क व्यवस्था और सुरक्षा में लापरवाही को लेकर जमकर नाराजगी जताई।

करीब 60 हजार दर्शकों की मौजूदगी वाले इस मुकाबले में स्टेडियम के अंदर अव्यवस्था साफ नजर आई। लोगों का आरोप है कि वेंडर्स ने दर्शकों की मजबूरी का फायदा उठाते हुए पानी और खाने की वस्तुओं के लिए मनमाने दाम वसूले।

तीन गुना कीमत पर बेचा गया पानी

दर्शकों के मुताबिक, स्टेडियम के अंदर एक सामान्य पानी की बोतल 150 रुपये तक में बेची गई, जबकि उसकी वास्तविक कीमत करीब 50 रुपये थी। इसी तरह कोल्ड ड्रिंक, चिप्स, समोसा, सैंडविच और पिज्जा जैसी वस्तुएं भी तय कीमत से कहीं अधिक दाम पर उपलब्ध कराई गईं।

कई दर्शकों ने इसका विरोध करते हुए वीडियो रिकॉर्ड किए और सोशल मीडिया पर साझा किए। वायरल वीडियो में लोग वेंडर्स से कीमतों को लेकर बहस करते दिखाई दे रहे हैं। बावजूद इसके, किसी भी स्तर पर तत्काल कार्रवाई होती नजर नहीं आई।

नेटवर्क नहीं मिलने से एंट्री गेट पर अफरा-तफरी

स्टेडियम में बड़ी संख्या में दर्शकों के आने को देखते हुए आयोजकों ने अस्थाई मोबाइल टावर लगाने की व्यवस्था की थी। दावा किया गया था कि इससे नेटवर्क की समस्या नहीं होगी, लेकिन मैच शुरू होने से पहले ही यह व्यवस्था फेल हो गई।

कई दर्शकों के मोबाइल फोन में इंटरनेट और नेटवर्क पूरी तरह बंद हो गया। सबसे ज्यादा परेशानी ई-टिकट वाले लोगों को हुई, क्योंकि नेटवर्क नहीं होने के कारण उनके मोबाइल में क्यूआर कोड लोड नहीं हो पा रहे थे। इससे प्रवेश द्वारों पर लंबी लाइनें लग गईं और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

कुछ लोग स्टेडियम के बाहर बेहतर नेटवर्क की तलाश में इधर-उधर भटकते नजर आए ताकि टिकट स्कैन कर अंदर प्रवेश मिल सके।

सुरक्षा व्यवस्था में बड़ी चूक

मैच के दौरान सुरक्षा व्यवस्था भी सवालों के घेरे में आ गई। स्टेडियम में बिना टिकट प्रवेश रोकने के लिए फेंसिंग और लोहे की जालियां लगाई गई थीं, लेकिन कई लोग इन्हें पार कर अंदर पहुंच गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मैच शुरू होने के कुछ देर बाद ही लोग तारों और जालियों पर चढ़कर दर्शक दीर्घा तक पहुंचने लगे। सुरक्षा कर्मियों की संख्या कम होने के कारण भीड़ को रोकने में मुश्किलें आईं।

जाली पार करते समय युवक घायल

स्टेडियम में अवैध तरीके से प्रवेश करने की कोशिश के दौरान एक युवक घायल भी हो गया। बताया जा रहा है कि जाली फांदते समय वह नीचे गिर पड़ा, जिससे उसके पैर में गंभीर चोट आई।

स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस जगह से लोग अंदर घुस रहे थे, वहां सुरक्षा कर्मियों की मौजूदगी बेहद कम थी। इसका फायदा उठाकर बड़ी संख्या में लोग स्टेडियम के भीतर पहुंच गए।

रेट लिस्ट नहीं होने से बढ़ी नाराजगी

दर्शकों का कहना है कि स्टेडियम के अंदर कहीं भी खाने-पीने की वस्तुओं की आधिकारिक रेट लिस्ट नहीं लगाई गई थी। इसी का फायदा उठाकर वेंडर्स ने अलग-अलग दामों पर सामान बेचा।

भीषण गर्मी के बीच पानी की ऊंची कीमतों ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी। कई दर्शकों ने कहा कि उन्हें मजबूरी में महंगा पानी और खाना खरीदना पड़ा क्योंकि स्टेडियम में ‘नो री-एंट्री’ नियम लागू था।

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो

मैच खत्म होने के बाद दर्शकों द्वारा बनाए गए वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। क्रिकेट फैंस आयोजन व्यवस्था को लेकर सवाल उठा रहे हैं और भविष्य में बेहतर प्रबंधन की मांग कर रहे हैं।

लोगों का कहना है कि इतने बड़े स्तर के आयोजन में दर्शकों के लिए मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है, ताकि खेल का आनंद अव्यवस्था और परेशानियों के बीच फीका न पड़े।


संबंधित समाचार