नई दिल्ली। भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने एशिया कप 2026 के फाइनल में शानदार प्रदर्शन करते हुए श्रीलंका को 72 रनों से मात देकर खिताब अपने नाम कर लिया। हरमनप्रीत कौर की अगुवाई वाली टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी में दम दिखाया और उसके बाद गेंदबाजों ने श्रीलंकाई बल्लेबाजी क्रम को पूरी तरह दबाव में ला दिया। इस जीत के साथ भारत ने महिला एशिया कप का खिताब 8वीं बार अपने नाम किया है। फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 183 रन बनाए। जवाब में श्रीलंका की पूरी टीम 111 रन पर सिमट गई।
स्मृति और शेफाली ने दिलाई शानदार शुरुआत
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम को स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा ने आक्रामक शुरुआत दिलाई। दोनों बल्लेबाजों ने श्रीलंकाई गेंदबाजों पर जमकर प्रहार किया और पहले विकेट के लिए 129 रनों की शानदार साझेदारी की। शेफाली वर्मा ने सिर्फ 39 गेंदों में 9 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 68 रन की तूफानी पारी खेली। वहीं स्मृति मंधाना ने भी 39 गेंदों पर 5 चौके और 3 छक्के लगाते हुए 59 रन बनाए। शेफाली के 129 रन के स्कोर पर आउट होने के बाद भारतीय पारी की रफ्तार कुछ धीमी हुई। मध्यक्रम के जल्दी विकेट गंवाने से टीम का स्कोर 200 के पार नहीं पहुंच सका। हालांकि ऋचा घोष के 17 रन और जी. कमालिनी की नाबाद 15 रन की पारी की बदौलत भारत ने 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 183 रन बनाए।
श्रीलंका की शुरुआत रही खराब
184 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंकाई टीम को शुरुआती ओवरों में ही झटके लग गए। भारतीय गेंदबाजों ने लगातार दबाव बनाए रखा। क्रांति गौड़ ने शुरुआती विकेट लेकर श्रीलंका को बैकफुट पर धकेल दिया। इसके बाद कप्तान चामरी अट्टापट्टू और विश्मी गुणारत्ने ने पारी को संभालने की कोशिश की। दोनों के बीच अच्छी साझेदारी भी बनी और श्रीलंका की टीम मुकाबले में वापसी करती हुई नजर आई। लेकिन दीप्ति शर्मा ने एक ही स्पेल में दोनों महत्वपूर्ण बल्लेबाजों को आउट कर भारत की पकड़ फिर मजबूत कर दी। इसके बाद श्री चरणी ने अपनी शानदार स्पिन गेंदबाजी से हर्षिता समरविक्रमा और कविषा दिलहारी को पवेलियन भेज दिया। भारतीय गेंदबाजों के सामने श्रीलंका की बल्लेबाजी पूरी तरह बिखर गई और पूरी टीम 111 रन पर ऑलआउट हो गई। इस तरह भारत ने फाइनल मुकाबला 72 रन से जीतकर एशिया कप की ट्रॉफी अपने नाम कर ली।
भारत ने 8वीं बार जीता एशिया कप
इस खिताब के साथ भारतीय महिला टीम ने एशिया कप में अपना दबदबा एक बार फिर साबित किया। भारत ने वनडे फॉर्मेट में 2004, 2005, 2006 और 2008 में एशिया कप जीता था। वहीं टी20 फॉर्मेट में टीम ने 2012, 2016, 2022 और अब 2026 में खिताब अपने नाम किया है। लगातार शानदार प्रदर्शन के दम पर भारतीय महिला क्रिकेट टीम एशिया कप की सबसे सफल टीम बनी हुई है।
भारत की प्लेइंग XI
स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), भारती फुलमाली, ऋचा घोष (विकेटकीपर), जी. कमालिनी, दीप्ति शर्मा, प्रेमा रावत, श्री चरणी, क्रांति गौड़ और नंदिनी शर्मा।
श्रीलंका की प्लेइंग XI
चामरी अट्टापट्टू (कप्तान), इमिशा दुलानी, विश्मी गुणारत्ने, हसिनी परेरा, हर्षिता समरविक्रमा, कविषा दिलहारी, नीलाक्षिका सिल्वा, कौशानी नुथ्यांगना (विकेटकीपर), सुगंदिका कुमारी, चामुदी प्रबोदा और मिताली अयोध्या।