होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

IND vs NZ Test: भारत-न्यूजीलैंड के बीच पहला टेस्ट ड्रॉ, मिचेल-फिलिप्स की जोड़ी ने रोकी टीम इंडिया की जीत की राह

IND vs NZ Test: भारत-न्यूजीलैंड के बीच पहला टेस्ट ड्रॉ, मिचेल-फिलिप्स की जोड़ी ने रोकी टीम इंडिया की जीत की राह

IND vs NZ Test: भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेली जा रही दो टेस्ट मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला रोमांचक उतार-चढ़ाव के बाद ड्रॉ पर समाप्त हुआ। वेलिंगटन के ऐतिहासिक बेसिन रिजर्व मैदान पर खेले गए इस मैच में भारतीय टीम ने पहली पारी में विशाल स्कोर खड़ा कर न्यूजीलैंड पर दबाव बनाया था, लेकिन दूसरी पारी में डेरिल मिचेल और ग्लेन फिलिप्स की शानदार बल्लेबाजी ने भारत की जीत की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। पांचवें दिन न्यूजीलैंड ने अपनी दूसरी पारी में 5 विकेट के नुकसान पर 239 रन बना लिए थे। इसके बाद दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने आपसी सहमति से मुकाबला ड्रॉ समाप्त करने का फैसला किया। अब सीरीज का दूसरा और आखिरी टेस्ट मैच 27 नवंबर से क्राइस्टचर्च के हेगले ओवल मैदान पर खेला जाएगा।

भारत ने पहली पारी में बनाया विशाल स्कोर

इस मुकाबले में भारतीय बल्लेबाजों ने जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए पहली पारी में 9 विकेट पर 720 रन बनाकर पारी घोषित की। टीम इंडिया को पहली पारी के आधार पर न्यूजीलैंड के खिलाफ 352 रनों की बड़ी बढ़त मिली। भारत की ओर से केएल राहुल और ऋषभ पंत ने शानदार शतकीय पारियां खेलीं। राहुल ने 290 गेंदों का सामना करते हुए 9 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 136 रन बनाए। वहीं ऋषभ पंत ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 153 गेंदों पर 128 रन ठोके। उनकी पारी में 10 चौके और 6 छक्के शामिल रहे। इन दोनों के अलावा शुभमन गिल ने 98 रन बनाकर शतक से चूक गए। यशस्वी जायसवाल ने 85 और देवदत्त पडिक्कल ने 80 रनों की उपयोगी पारियां खेलीं। ध्रुव जुरेल ने भी अर्धशतकीय योगदान देकर भारतीय स्कोर को 700 के पार पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। न्यूजीलैंड की तरफ से ग्लेन फिलिप्स सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने तीन भारतीय बल्लेबाजों को आउट किया, जबकि रचिन रवींद्र को दो विकेट मिले। मैट हेनरी, काइल जेमिसन, जैकब डफी और नाथन स्मिथ ने एक-एक सफलता हासिल की।

न्यूजीलैंड की दूसरी पारी में मिचेल और फिलिप्स ने संभाला मोर्चा

352 रनों की चुनौतीपूर्ण बढ़त के जवाब में न्यूजीलैंड की दूसरी पारी की शुरुआत बेहद खराब रही। जसप्रीत बुमराह ने पारी की दूसरी गेंद पर ही कप्तान टॉम लैथम को बिना खाता खोले आउट कर दिया। इसके बाद डेवोन कॉन्वे और हेनरी निकोल्स ने 60 रनों की साझेदारी करके टीम को शुरुआती झटके से उबारने का प्रयास किया। निकोल्स 31 रन बनाकर प्रसिद्ध कृष्णा की गेंद पर आउट हुए। रचिन रवींद्र ने कॉन्वे के साथ पारी को आगे बढ़ाया। दोनों ने चौथे दिन भारतीय गेंदबाजों को कोई अतिरिक्त सफलता हासिल नहीं करने दी। पांचवें दिन भारतीय गेंदबाजों ने वापसी करते हुए लगातार विकेट निकाले।

इन दोनों बल्लेबाजों की धैर्यपूर्ण बल्लेबाजी

वॉशिंगटन सुंदर ने डेवोन कॉन्वे को आउट किया। कॉन्वे ने 165 गेंदों में 7 चौकों की मदद से 65 रन बनाए। इसके बाद प्रसिद्ध कृष्णा ने रचिन रवींद्र की 37 रनों की पारी का अंत किया। अंशुल कम्बोज ने टॉम ब्लंडेल को 15 रन के निजी स्कोर पर विकेट के पीछे कैच आउट कराकर न्यूजीलैंड को पांचवां झटका दिया। हालांकि, इसके बाद डेरिल मिचेल और ग्लेन फिलिप्स ने भारतीय गेंदबाजों को कोई और मौका नहीं दिया। दोनों ने छठे विकेट के लिए 258 गेंदों पर नाबाद 63 रनों की साझेदारी की। मिचेल 186 गेंदों पर 49 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि फिलिप्स ने 126 गेंदों में 26 रन बनाए। इन दोनों बल्लेबाजों की धैर्यपूर्ण बल्लेबाजी के चलते न्यूजीलैंड ने पांचवें दिन 5 विकेट पर 239 रन बना लिए और मुकाबला ड्रॉ हो गया।

पहली पारी में निकोल्स और फिलिप्स के शतकों से न्यूजीलैंड की वापसी

न्यूजीलैंड की पहली पारी में भारतीय गेंदबाजों ने शुरुआती दौर में शानदार प्रदर्शन किया था। टीम ने महज 70 रनों पर अपने पांच विकेट गंवा दिए थे। ऐसा लग रहा था कि न्यूजीलैंड की पारी जल्द ही सिमट जाएगी, लेकिन हेनरी निकोल्स और ग्लेन फिलिप्स ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए मैच का रुख बदल दिया।

216 रनों की बड़ी साझेदारी

दोनों बल्लेबाजों के बीच छठे विकेट के लिए 216 रनों की बड़ी साझेदारी हुई। हेनरी निकोल्स ने 335 गेंदों पर 21 चौकों की मदद से नाबाद 175 रन बनाए। वहीं ग्लेन फिलिप्स ने 216 गेंदों का सामना करते हुए 118 रनों की शानदार पारी खेली।  भारतीय टीम की ओर से जसप्रीत बुमराह ने सर्वाधिक चार विकेट हासिल किए। आकाश दीप को तीन, अंशुल कम्बोज को दो और प्रसिद्ध कृष्णा को एक विकेट मिला। न्यूजीलैंड की पूरी टीम पहली पारी में 368 रन बनाकर ऑलआउट हो गई थी।

भारत बनाम न्यूजीलैंड टेस्ट हेड-टू-हेड रिकॉर्ड

भारत और न्यूजीलैंड के बीच टेस्ट क्रिकेट में अब तक कुल 66 मुकाबले खेले गए हैं। इनमें भारतीय टीम ने 22 मैचों में जीत दर्ज की है, जबकि न्यूजीलैंड ने 16 मुकाबले अपने नाम किए हैं। दोनों देशों के बीच 28 टेस्ट मैच ड्रॉ रहे हैं।

भारत-न्यूजीलैंड टेस्ट रिकॉर्ड:

कुल मुकाबले: 66

भारत की जीत: 22

न्यूजीलैंड की जीत: 16

ड्रॉ मुकाबले: 28

कब खेला जाएगा सीरीज का दूसरा टेस्ट?

भारत और न्यूजीलैंड के बीच दो टेस्ट मैचों की सीरीज का दूसरा मुकाबला 27 नवंबर से शुरू होगा। यह मैच क्राइस्टचर्च के हेगले ओवल मैदान पर आयोजित किया जाएगा। पहले टेस्ट के ड्रॉ होने के बाद दोनों टीमों के लिए दूसरा मुकाबला बेहद महत्वपूर्ण हो गया है। भारतीय टीम जहां सीरीज में जीत हासिल करना चाहेगी, वहीं न्यूजीलैंड की कोशिश अपने घरेलू मैदान पर बेहतर प्रदर्शन करने की होगी।

भारत और न्यूजीलैंड की प्लेइंग इलेवन

भारत की प्लेइंग XI: यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, देवदत्त पडिक्कल, शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), ध्रुव जुरेल, वॉशिंगटन सुंदर, आकाश दीप, प्रसिद्ध कृष्णा, अंशुल कम्बोज और जसप्रीत बुमराह।

न्यूजीलैंड की प्लेइंग XI: टॉम लैथम (कप्तान), डेवोन कॉन्वे, हेनरी निकोल्स, रचिन रवींद्र, डेरिल मिचेल, टॉम ब्लंडेल (विकेटकीपर), ग्लेन फिलिप्स, नाथन स्मिथ, मैट हेनरी, काइल जेमिसन और जैकब डफी।

दोनों टीमों का टेस्ट सीरीज स्क्वॉड

न्यूजीलैंड का स्क्वॉड: टॉम लैथम (कप्तान), डेवोन कॉन्वे, हेनरी निकोल्स, रचिन रवींद्र, डेरिल मिचेल, टॉम ब्लंडेल (विकेटकीपर), ग्लेन फिलिप्स, नाथन स्मिथ, डीन फॉक्सक्रॉफ्ट, विल यंग, काइल जेमिसन, मैट हेनरी, ब्लेयर टिकनर और जैकब डफी।

भारत का स्क्वॉड: शुभमन गिल (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल (उप-कप्तान), देवदत्त पडिक्कल, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, अंशुल कम्बोज, जसप्रीत बुमराह, प्रसिद्ध कृष्णा, वॉशिंगटन सुंदर, मोहम्मद सिराज, आकाश दीप, साई सुदर्शन, नीतीश कुमार रेड्डी और गुरनूर बरार।

 


संबंधित समाचार