चेन्नई। महेंद्र सिंह धोनी और चेन्नई सुपर किंग्स का रिश्ता अब एक नए मुकाम पर पहुंचने जा रहा है। IPL 2027 में माही मैदान पर खिलाड़ी के बजाय मेंटर की भूमिका में नजर आ सकते हैं। CSK के मालिक एन. श्रीनिवासन ने धोनी के टीम से जुड़ाव को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने साफ कहा कि चेन्नई सुपर किंग्स की कल्पना धोनी के बिना नहीं की जा सकती। धोनी के नेतृत्व और योगदान ने इस फ्रेंचाइजी को IPL की सबसे सफल टीमों में शामिल करने में अहम भूमिका निभाई है।
धोनी के बिना अधूरी है CSK की कहानी
धोनी की कप्तानी में चेन्नई सुपर किंग्स ने IPL में अपनी अलग पहचान बनाई। उनके नेतृत्व में टीम ने पांच बार IPL ट्रॉफी अपने नाम की, जबकि दो बार चैंपियंस लीग T20 का खिताब भी जीता। धोनी ने न सिर्फ टीम को चैंपियन बनाया, बल्कि युवा खिलाड़ियों को तैयार करने और मुश्किल परिस्थितियों में टीम को संभालने में भी अहम भूमिका निभाई।
CSK प्रबंधन से जुड़े लोगों ने भी धोनी के योगदान को याद किया है। रूपा गुरुनाथ और के.एस. विश्वनाथन ने टीम के साथ उनके लंबे जुड़ाव और उपलब्धियों को अहम बताया है।
IPL 2027 में खिलाड़ी नहीं, मेंटर बनेंगे माही?
धोनी की उम्र और फिटनेस को देखते हुए IPL 2027 में उनकी भूमिका को लेकर चर्चाएं तेज हैं। अगर वह बतौर खिलाड़ी मैदान पर नहीं उतरते हैं, तो मेंटर के रूप में टीम के साथ बने रहने की संभावना है। उनके अनुभव से टीम के नए खिलाड़ियों और कप्तान को फायदा मिल सकता है।