पटना। बिहार में आयोजित सिपाही भर्ती परीक्षा के दौरान रविवार को पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन पर भारी हंगामा देखने को मिला। परीक्षा देने पहुंचे कुछ अभ्यर्थियों ने रेलवे और प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर सवाल उठाते हुए विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। देखते ही देखते प्रदर्शन उग्र हो गया और स्टेशन परिसर में पथराव तथा तोड़फोड़ की घटनाएं सामने आईं।प्रदर्शनकारियों ने कई ट्रेनों को रोक दिया, जिससे यात्रियों और अन्य परीक्षार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। स्टेशन परिसर में मौजूद दुकानों और परीक्षा स्पेशल ट्रेन के कुछ हिस्सों को नुकसान पहुंचाया गया। घटना के बाद स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासन की टीम
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों के अनुसार, हालात बिगड़ते देख पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। मामले में छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है और अन्य उपद्रवियों की पहचान की जा रही है। पटना के जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन ने बताया कि देर रात सूचना मिली थी कि कुछ लोग स्टेशन पर हंगामा कर रहे हैं। प्रशासन ने प्रदर्शनकारियों से शांति बनाए रखने और परीक्षार्थियों के हितों को ध्यान में रखते हुए सहयोग करने की अपील की थी, लेकिन कुछ असामाजिक तत्वों ने माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया।
अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनों की गई मांग
जिलाधिकारी के अनुसार, प्रदर्शनकारियों द्वारा कई बार ट्रेनों की इमरजेंसी चेन खींची गई और अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनों की मांग की गई। जबकि परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए पहले से ही दो विशेष ट्रेनों की व्यवस्था की गई थी। कुछ लोगों ने उन छात्रों को भी रोकने की कोशिश की जो परीक्षा केंद्रों की ओर जाना चाहते थे। प्रशासन का कहना है कि फिलहाल स्थिति पूरी तरह सामान्य है। सभी प्रभावित ट्रेनों का परिचालन बहाल कर दिया गया है और परीक्षार्थियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। घटना के बाद रेलवे प्रशासन और जिला प्रशासन ने संयुक्त रूप से मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।