भोपाल : मध्य प्रदेश में आयोजित होने वाली NEET UG 2026 परीक्षा को पारदर्शी और नकलमुक्त बनाने के लिए प्रशासन ने इस बार विशेष सुरक्षा व्यवस्था लागू की है। परीक्षा केंद्रों पर जैमर और सीसीटीवी कैमरों की व्यापक व्यवस्था की गई है। साथ ही प्रश्नपत्रों को स्ट्रॉन्ग रूम से परीक्षा केंद्रों तक सुरक्षित पहुंचाने और परीक्षा के बाद वापस जमा कराने की जिम्मेदारी पहली बार केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) को सौंपी गई है।
भोपाल में परीक्षा के बनाए 32 केंद्र
राजधानी भोपाल में परीक्षा के लिए 32 केंद्र निर्धारित किए गए हैं, जहां 13,774 से अधिक अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है। परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा के लिए कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक आयोजित कर सभी केंद्राध्यक्षों और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष और व्यवस्थित तरीके से संपन्न होनी चाहिए तथा सुरक्षा जांच के दौरान परीक्षार्थियों को अनावश्यक परेशानी न हो।
सीसीटीवी कैमरे से रखी जाएगी निगरानी
परीक्षा केंद्रों के बाहर की सुरक्षा व्यवस्था पुलिस और होमगार्ड के जिम्मे रहेगी, जबकि केंद्र परिसर के भीतर सुरक्षा का दायित्व राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) की अधिकृत एजेंसी संभालेगी। प्रवेश से लेकर परीक्षा समाप्ति तक सभी गतिविधियों की निगरानी सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से की जाएगी। इसके अलावा किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के दुरुपयोग और नकल की संभावना को रोकने के लिए जैमर सक्रिय रहेंगे।
अभिभावकों के लिए विशेष इंतजाम
अभिभावकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए परीक्षा केंद्रों के बाहर विशेष इंतजाम किए गए हैं। प्रतीक्षा करने वाले अभिभावकों के लिए टेंट, बैठने की व्यवस्था, पेयजल और नाश्ते की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। जहां स्थायी दुकानें उपलब्ध नहीं हैं, वहां अस्थायी स्टॉल लगाए जाएंगे।
जनरेटर की व्यवस्था भी की गई
सभी परीक्षा केंद्रों पर बिजली आपूर्ति बाधित होने की स्थिति से निपटने के लिए जनरेटर की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही प्राथमिक उपचार किट, ओआरएस, मेडिकल टीम, स्वच्छ शौचालय और क्लॉक रूम जैसी आवश्यक सुविधाएं भी उपलब्ध रहेंगी।
15 मिनट अतिरिक्त मिलेगा समय
इस वर्ष परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित होगी। अभ्यर्थियों को सुबह 11 बजे से केंद्रों में प्रवेश दिया जाएगा। परीक्षा अवधि में इस बार 15 मिनट अतिरिक्त समय भी प्रदान किया गया है। प्रदेश के विभिन्न जिलों में हजारों अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है।