रायगढ़ जिले के पूंजीपथरा थाना क्षेत्र के तराईमाल में स्थित NRVS प्लांट में शुक्रवार सुबह बड़ा हादसा हुआ। प्लांट के ब्लास्ट फर्नेस में अचानक विस्फोट हुआ, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आग व काले धुएं की लपटें आसमान तक उठ गईं।
मजदूर झुलसा, हालत गंभीर
इस हादसे में मजदूर राम नारायण यादव गंभीर रूप से झुलस गया। उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी स्थिति नाजुक बताई जा रही है।
प्लांट में अफरा-तफरी और राहत कार्य
विस्फोट के बाद प्लांट परिसर में घना धुआं फैल गया। कर्मचारियों में दहशत फैल गई और कंपनी प्रबंधन ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही पूंजीपथरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, फर्नेस के अंदर दबाव बढ़ने के कारण विस्फोट हुआ। हादसे की गहन जांच के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है।
कंपनी का बयान
NRVS प्लांट प्रबंधन ने कहा कि स्थिति अब नियंत्रण में है और सुरक्षा मानकों की समीक्षा की जा रही है। प्रबंधन ने यह भी आश्वासन दिया कि घायल मजदूर का इलाज पूरी तरह कंपनी वहन करेगी।