होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

सरकारी नौकरी का सपना दिखाकर ठगी: 7 लोगों से 25 लाख से ज्यादा वसूले, आरोपी महिला गिरफ्तार

सरकारी नौकरी का सपना दिखाकर ठगी: 7 लोगों से 25 लाख से ज्यादा वसूले, आरोपी महिला गिरफ्तार

बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर बेरोजगारों से लाखों रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने एक ऐसी महिला को गिरफ्तार किया है, जो खुद को छत्तीसगढ़ शासन के मुख्य सचिव से परिचित बताकर लोगों को सरकारी विभागों में नौकरी लगवाने का झांसा देती थी। आरोपी महिला अब तक 7 लोगों से कुल 25 लाख 50 हजार रुपये की ठगी कर चुकी है।

मुख्य सचिव से पहचान का झांसा देकर की ठगी

पुलिस के अनुसार, आरोपी महिला की पहचान लता धीवर (36 वर्ष), पति आकाश धीवर, निवासी वार्ड क्रमांक 05 के रूप में हुई है। महिला लोगों को यह विश्वास दिलाती थी कि उसकी पहुंच शासन के उच्च अधिकारियों तक है और वह कृषि विभाग, जिला अस्पताल सहित विभिन्न सरकारी विभागों में नौकरी दिला सकती है। इसी बहाने उसने कई बेरोजगार युवाओं से मोटी रकम वसूली। हाल ही में तीन पीड़ितों से नौकरी लगाने के नाम पर 5 लाख 50 हजार रुपये लिए गए थे।

नौकरी नहीं मिली तो खुला ठगी का राज

पीड़ितों को लंबे समय तक नौकरी नहीं मिलने पर संदेह हुआ। जब उन्होंने महिला से जवाब मांगा तो वह टालमटोल करने लगी। इसके बाद पीड़ितों ने बालोद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि आरोपी महिला ने अब तक कुल 7 लोगों को अपना शिकार बनाया है और उनसे 25 लाख 50 हजार रुपये की रकम वसूली है।

बैंक खाते में ट्रांसफर की गई रकम

पुलिस जांच में यह भी पता चला कि आरोपी महिला ने ठगी से प्राप्त रकम को सीधे अपने पास रखने के बजाय अपने एक सहयोगी द्वारा उपलब्ध कराए गए बैंक खाते में ट्रांसफर किया था। पुलिस अब उस खाते की जांच कर रही है और महिला के सहयोगी की तलाश में जुटी हुई है।

आरोपी महिला भेजी गई जेल

पीड़ितों की लिखित शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर महिला को गिरफ्तार कर लिया। न्यायालय में पेशी के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही ठगी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान की जा सकती है।


संबंधित समाचार