सतना : मध्य प्रदेश के सतना में दर्दनाक सड़क हादसे का शिकार होने के चलते 2 युवकों की मौत हो गई। दोनों युवक बाइक से किसी काम के लिए निकले थे, तभी रास्ते में काल बनकर आई तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। जिससे दोनों की मौके पर मौत हो गई। घटना मंगलवार देर शाम की है।
कार ने गाड़ी को पीछे से मारी टक्कर
जानकारी के अनुसार, ग्राम पड़वनिया कोठार निवासी विष्णु मवासी और पंकज मवासी किसी काम के चलते सतना -चित्रकूट मार्ग से जा रहे थे। जैसे ही उनकी गाड़ी मझगवां के चौराहा शराब दुकान के पास पहुंची। वैसे ही एक तेज रफ़्तार कार ने उनकी गाड़ी को पीछे से टक्कर मार दी। जिसकी वजह से दोनों की मौके पर मौत हो गई।
मची चीख पुकार
बताया जा रहा है कि टक्कर इतनी भीषण थी कि एक्सीडेंट के बाद दोनों के शव रास्ते में बुरी तरह से खून से लथपथ पड़े हुए थे। जिसे देख मौके पर चीख पुकार मच गई। इधर, दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
आरोपी की तलाश जारी
इधर, घटना को अंजाम देने के बाद कार सवार वाहन सहित मौके से फरार हो गया है। जिसके खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मझगवां थाना पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।