होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

बिना डॉक्टर की पर्ची बिक रही थीं नशीली दवाइयां, रायपुर में 4 मेडिकल स्टोर सील, संयुक्त टीम का बड़ा एक्शन

बिना डॉक्टर की पर्ची बिक रही थीं नशीली दवाइयां, रायपुर में 4 मेडिकल स्टोर सील, संयुक्त टीम का बड़ा एक्शन

रायपुर। राजधानी रायपुर में अवैध रूप से प्रतिबंधित और प्रिस्क्रिप्शन आधारित दवाइयों की बिक्री रोकने के लिए पुलिस और खाद्य एवं औषधि विभाग ने संयुक्त अभियान चलाया। इस विशेष अभियान के तहत शहर के विभिन्न इलाकों में संचालित लगभग तीन दर्जन मेडिकल स्टोर्स की जांच की गई। जांच के दौरान चार मेडिकल स्टोर्स में बिना डॉक्टर की वैध पर्ची के प्रतिबंधित दवाइयों की बिक्री पाए जाने पर उन्हें तत्काल सील कर दिया गया।

टेस्ट पर्चेसिंग से खुली पोल

संयुक्त टीम ने कार्रवाई के दौरान संदिग्ध मेडिकल स्टोर्स की पहचान कर टेस्ट पर्चेसिंग (Test Purchasing) की रणनीति अपनाई। जांच में सामने आया कि कुछ दुकानदार बिना चिकित्सकीय पर्ची के प्रेगबालिन (Pregabalin) कैप्सूल और रेक्सकॉफ डीएक्स (Rexcof DX) सिरप जैसी प्रिस्क्रिप्शन आधारित दवाइयां बेच रहे थे। इसके बाद संबंधित मेडिकल स्टोर संचालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई।

संयुक्त टीम ने चलाया विशेष अभियान

यह अभियान पुलिस आयुक्त के निर्देश पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, संबंधित थाना पुलिस, औषधि निरीक्षक और खाद्य एवं औषधि विभाग की संयुक्त टीम द्वारा चलाया गया। अधिकारियों का कहना है कि शहर में नशीली और प्रतिबंधित दवाइयों की अवैध बिक्री पर रोक लगाने के लिए आगे भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे।

पुलिस की सख्त चेतावनी

पुलिस आयुक्त ने सभी मेडिकल स्टोर संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि प्रिस्क्रिप्शन आधारित दवाइयों का विक्रय केवल पंजीकृत चिकित्सक की वैध पर्ची पर ही किया जाए। नियमों का उल्लंघन कर बिना डॉक्टर की पर्ची दवाइयां बेचने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इन मेडिकल स्टोर्स पर हुई कार्रवाई

संयुक्त जांच के बाद निम्नलिखित मेडिकल स्टोर्स को सील किया गया—
मां दुर्गा मेडिकोज, गोल चौक (डीडीनगर थाना क्षेत्र)
आयुष मेडिकल, गुढ़ियारी
विश्वास मेडिकल, भनपुरी (खमतराई थाना क्षेत्र)
उदय मेडिकल स्टोर, उरकुरा (खमतराई थाना क्षेत्र)

अभियान रहेगा जारी

प्रशासन का कहना है कि युवाओं में बढ़ते नशे की रोकथाम के लिए मेडिकल स्टोर्स पर लगातार निगरानी रखी जाएगी। बिना अनुमति या डॉक्टर की पर्ची के प्रतिबंधित दवाइयों की बिक्री करने वाले दुकानदारों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


संबंधित समाचार