भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में शादी सीजन के दौरान मेहमानों को परोसे जाने वाले खाने की गुणवत्ता को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग सतर्क हो गया है। शादी समारोहों में दूषित भोजन से होने वाली बीमारियों को रोकने के लिए अब मैरिज गार्डन और कैटरिंग संचालकों की जांच की जाएगी। इसके तहत फूड इंस्पेक्टर अलग-अलग विवाह स्थलों पर पहुंचकर खाने की गुणवत्ता और साफ-सफाई का जायजा लेंगे।
मैरिज गार्डन और कैटरिंग संचालकों की होगी जांच
जांच के दौरान अधिकारी यह देखेंगे कि समारोह में तैयार किए जा रहे व्यंजनों में इस्तेमाल होने वाली खाद्य सामग्री सुरक्षित है या नहीं। इसके अलावा भोजन बनाने की जगह, किचन की स्वच्छता, खाद्य सामग्री के रखरखाव और स्टोरेज की व्यवस्था भी जांच के दायरे में रहेगी।
फूड सेफ्टी लाइसेंस की भी होगी जांच
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम मैरिज गार्डन और कैटरिंग संचालकों के फूड सेफ्टी लाइसेंस एवं रजिस्ट्रेशन की भी पड़ताल करेगी। नियमों का पालन नहीं करने और खाने की गुणवत्ता में लापरवाही मिलने पर संबंधित संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है।
खाद्य सुरक्षा विभाग अलर्ट मोड में
इस पहल का मुख्य उद्देश्य शादी समारोहों में लोगों को सुरक्षित और स्वच्छ भोजन उपलब्ध कराना है। शादी सीजन में बड़ी संख्या में लोगों के एक साथ भोजन करने को देखते हुए विभाग की यह निगरानी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।