मैहर : मध्य प्रदेश के मैहर में सोमवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में 5 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। सभी लोग बर्थडे पार्टी में शामिल होकर लौट रहे थे। जहां दुर्घटना का शिकार होने के चलते एक ही परिवार के 5 लोगों की जान चली गई। हादसा नादान थाना क्षेत्र के रिगरा गांव के पास हुआ। जिसकी जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आगे की कार्रवाई शुरू की।
रात करीब 1 बजे हुआ हादसा
बताया जा रहा है कि सभी लोग पार्टी से रात करीब 1 बजे घर लौट रहे थे। तभी उनकी तेज रफ़्तार XUV आगे चल रहे ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसी और देखते ही देखते सभी लोग मौत के मुंह में समां गए। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आगे की कार्रवाई जारी है। हादसा इतना ज्यादा भीषण था कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए।
सभी लोग पूर्व विधायक स्वर्गीय लालजी पटेल के रिश्तेदार
इधर, हादसे की खबर मिलते ही नादन थाना पुलिस स्थानीय लोगों की मदद से मौके पर पहुंची और गैस कटर व अन्य साधनों से शवों को बाहर निकाला। बताया जा रहा है कि सभी मृतक मैहर के पूर्व विधायक स्वर्गीय लालजी पटेल के परिवार और करीबी रिश्तेदार हैं।
घायल का इलाज अस्पतालों में जारी
घटना की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि इस हादसे में संजीव कुमार पटेल गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उन्हें नादन और मैहर के अस्पतालों में प्राथमिक उपचार देने के बाद तुरंत जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है, जहां उनकी हालत बेहद चिंताजनक बनी हुई है।
हादसे में इनकी गई जान
मृतकों की पहचान अंकुर पटेल (40 वर्ष), मृदुल पटेल (32 वर्ष), विजय पटेल (30 वर्ष), हरिशंकर पटेल (25 वर्ष) और शिवा पटेल (23 वर्ष) के रूप में हुई है. इनमें से चार युवक मैहर जिले के तनाजा के रहने वाले थे, जबकि शिवा पटेल नरोरा गांव का निवासी था.