भोपाल : मध्य प्रदेश में आयुष्मान योजना को लेकर बड़े स्तर पर फर्जीवाड़े का खेल चल रहा है। जिसका खुलासा आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) ने करते हुए भोपाल के करोंद क्षेत्र स्थित सृष्टि हॉस्पिटल के संचालक राजकुमार सूर्यवंशी और अन्य के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज कार्रवाई की।
15 कर्मचारियों को 45 बताकर ऐठें पैसे
EOW के अनुसार, अस्पताल प्रबंधन पर योजना का भुगतान हासिल करने के लिए पोर्टल पर कर्मचारियों से जुड़ी कथित फर्जी जानकारी अपलोड करने का आरोप है। जांच में सामने आया कि अस्पताल में मौजूद 15 कर्मचारियों के स्थान पर 45 कर्मचारियों की सूची दर्ज की गई। आरोप है कि एक ही कर्मचारी के नाम को कई बार दोहराया गया और इन प्रविष्टियों में संचालक का मोबाइल नंबर इस्तेमाल किया गया।
महिला पैथोलॉजिस्ट के नाम का किया गया उपयोग
जांच एजेंसी के मुताबिक, अस्पताल में बिना अनुमति संचालित लैब से संबंधित जांच रिपोर्ट में MD पैथोलॉजिस्ट की कथित फर्जी सील और हस्ताक्षर का इस्तेमाल किया गया। इसके अलावा एक महिला पैथोलॉजिस्ट का नाम भी उसकी अनुमति के बिना सूची में शामिल कर सरकारी भुगतान प्राप्त करने का आरोप है।
सामने आईं गड़बड़ी
बता दें कि वर्ष 2025 में इस अस्पताल में 709 हितग्राहियों का इलाज कराया गया।जांच के दौरान एजेंसी ने जांच के दौरान बार-बार मांगने पर भी अस्पताल प्रबंधन सूची में दिखाए गए डॉक्टरों की नियुक्ति, वेतन या उपस्थिति का रिकॉर्ड, पैथोलॉजी की अनुमति और मरीजों की इलाज फाइलें पेश नहीं कर सका।
जांच अधिकारी का कहना है कि शासन से भुगतान की राशि और कौन कौन इस फर्जीवाड़े में शामिल हैं, उनकी जानकारी के लिए जांच की जा रही है।