छतरपुर : मध्य प्रदेश में सड़क हादसे लगातार बढ़ते जा रहे है। आए दिन हो रहे एक्सीडेंट में लोगों की बेवजह मौत हो रही है। इसी कड़ी में सड़क हादसे की दुखद खबर छतरपुर से सामने आई है। जहां बाइक सवार पिता पुत्र को अनियंत्रित ट्रक ने कुचलकर मौत के घाट उतार दिया। घटना छतरपुर जिले के गढ़ीमलहरा थाना इलाके के बस स्टैंड की है।
3 साल के मासूम की मौत
जानकारी के अनुसार, गढ़ीमलहरा थाना क्षेत्र के ग्राम गनेशपुरा निवासी 35 वर्षीय जितेंद्र यादव अपने तीन वर्षीय पुत्र तनिश यादव को इलाज के लिए गढ़ीमलहरा लेकर आए थे। जैसे ही वे बस स्टैंड के पास पहुंचे, तभी एक ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। जिसकी वजह से दोनों की मौके पर मौत हो गई।
इलाज के दौरान पिता ने तोड़ा दम
हालांकि हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पिता-पुत्र को गंभीर हालत में जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने मासूम तनिश को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल जितेंद्र यादव को ट्रोमा वार्ड में भर्ती किया गया है। जहां इलाज के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया।
ट्रक ड्राइवर गिरफ्तार
इधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी चालक को गिरफ्तार कर ट्रक को जब्त कर लिया। साथ ही शवों का पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सोप दिया गया है।