छत्तीसगढ़ में स्कूल शिक्षा विभाग ने युक्तियुक्तकरण प्रक्रिया के तहत नई पदस्थापना पर ज्वाइनिंग नहीं करने वाले शिक्षकों के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है। विभाग ने प्रदेशभर में 176 शिक्षकों को निलंबित कर दिया है, जबकि कई शिक्षकों का वेतन रोकने और उनके खिलाफ विभागीय जांच शुरू करने के आदेश भी जारी किए गए हैं। इस कार्रवाई के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है।
303 शिक्षकों ने नहीं की ज्वाइनिंग, कई पहुंचे कोर्ट
विभागीय आंकड़ों के मुताबिक 25 अप्रैल तक कुल 15,310 शिक्षकों के ट्रांसफर आदेश जारी किए गए थे। लेकिन इनमें से 303 शिक्षकों ने नई जगह पर ज्वाइनिंग नहीं दी।
डीपीआई (लोक शिक्षण संचालनालय) के अनुसार, एक दर्जन से ज्यादा शिक्षक इस आदेश के खिलाफ अदालत पहुंच चुके हैं। वहीं बाकी शिक्षकों के खिलाफ विभाग ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। बार-बार चेतावनी के बावजूद आदेश का पालन नहीं करने वालों पर अब सरकार सख्ती बरत रही है।
176 शिक्षकों पर गिरी गाज, सबसे ज्यादा कांकेर में कार्रवाई
ज्वाइनिंग नहीं देने वाले शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 176 को निलंबित किया गया है। सबसे ज्यादा 72 शिक्षक कांकेर जिले में सस्पेंड किए गए हैं। इसके अलावा सुकमा, बस्तर, बीजापुर, दुर्ग और रायगढ़ जैसे जिलों में भी कार्रवाई की गई है।
14 शिक्षकों का वेतन रोका गया
सख्ती बढ़ाते हुए शिक्षा विभाग ने 14 शिक्षकों की सैलरी भी रोक दी है। इनमें से 12 शिक्षक कोंडागांव जिले के हैं। इसके अलावा दो अन्य मामलों को डीपीआई स्तर पर भेजा गया है, जहां आगे की कार्रवाई की जाएगी।
48 शिक्षकों पर विभागीय जांच शुरू
विभाग ने 48 शिक्षकों के खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कर दी है। इनमें से कई शिक्षकों को आरोप पत्र जारी कर दिया गया है। कुछ मामलों को उच्च अधिकारियों के पास भेजा गया है, जहां आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
जिलेवार कार्रवाई का पूरा ब्यौरा
युक्तियुक्तकरण के तहत अलग-अलग जिलों में की गई कार्रवाई इस प्रकार है—
बीजापुर: 1 शिक्षिका निलंबित
बस्तर: 3 निलंबित, 1 का वेतन रोका
कोंडागांव: 23 निलंबित, 12 का वेतन रोका
सुकमा: 9 शिक्षक निलंबित
कांकेर: 72 निलंबित (सबसे ज्यादा)
दुर्ग: 2 निलंबित, 2 पर जांच
बेमेतरा: 6 पर जांच, 1 मामला कोर्ट में
कबीरधाम: 2 निलंबित, 7 पर जांच
राजनांदगांव: 1 निलंबित, 2 पर आरोप पत्र
मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी: 5 निलंबित, 1 को कोर्ट से राहत
एमसीबी: 5 निलंबित, 4 को नोटिस
सरगुजा: 10 निलंबित, 4 पर जांच
बलरामपुर: 24 मामलों में कार्रवाई
कोरबा: 2 पर विभागीय जांच
रायपुर: 3 शिक्षक निलंबित
रायगढ़: 4 निलंबित, 1 का वेतन रोका, 2 को कोर्ट से स्टे
बिलासपुर: 2 मामलों में जांच
जांजगीर-चांपा: 17 पर जांच, 2 निलंबित
सक्ती: 7 मामले हाई कोर्ट में विचाराधीन