Shah Rukh Khan Birthday 2025: बॉलीवुड के बादशाह शाहरुख खान आज 60 साल के हो गए हैं। उनके जन्मदिन का जश्न हर साल की तरह इस बार भी किसी त्योहार से कम नहीं रहा। ‘मन्नत’ के बाहर हजारों की संख्या में फैंस जमा हुए, हाथों में पोस्टर, बैनर और दिल से लिखे मैसेज लेकर अपने पसंदीदा सितारे की एक झलक पाने के लिए लोग देर रात तक इंतजार करते रहे। लेकिन इस बार फैंस को थोड़ी निराशा झेलनी पड़ी क्योंकि शाहरुख खान बालकनी में आकर अपने चाहने वालों का अभिवादन करने नहीं पहुंचे।
अलीबाग फार्महाउस में मनाया जन्मदिन:
सूत्रों के अनुसार, इस साल किंग खान ने अपना बर्थडे अलीबाग स्थित फार्महाउस में अपने परिवार और करीबी दोस्तों के साथ सेलिब्रेट किया। दरअसल, उनके बांद्रा स्थित बंगले ‘मन्नत’ में कंस्ट्रक्शन का काम चल रहा है, जिसके कारण वे वहां से फैंस को अभिवादन नहीं कर पाए। इसके बावजूद, उनके चाहने वालों का जोश कम नहीं हुआ। ‘मन्नत’ के बाहर का माहौल किसी त्योहार जैसा दिखा।
मुंबई पुलिस ने बरती सख्ती भीड़ पर रखी नजर:
फैंस की भारी भीड़ को देखते हुए मुंबई पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए। पुलिस ने किसी को भी ‘मन्नत’ के गेट के पास रुकने की इजाजत नहीं दी ताकि ट्रैफिक और भीड़ को काबू में रखा जा सके। फिर भी तस्वीरों और वीडियोज़ में साफ देखा जा सकता है कि फैंस शाहरुख के लिए किस कदर दीवाने है।
दिल्ली से बॉलीवुड के बादशाह तक का सफर:
दिल्ली में जन्मे शाहरुख खान ने अपनी शुरुआती पढ़ाई वहीं से की। उन्होंने 1989 में टीवी सीरियल ‘फौजी’ से एक्टिंग की शुरुआत की, जिसमें उन्होंने अभिमन्यु राय का किरदार निभाया। यहीं से उनकी पहचान बनने लगी। टीवी शोज़ ‘सर्कस’ और ‘दिल दरिया’ के बाद 1992 में उन्होंने फिल्म ‘दीवाना’ से बॉलीवुड में कदम रखा। पहली ही फिल्म ने उन्हें फिल्मफेयर बेस्ट डेब्यू अवॉर्ड दिलाया।
इस फिल्म ने बनाया किंग ऑफ रोमांस:
1995 में आई ‘दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे’ ने शाहरुख खान को ‘किंग ऑफ रोमांस’ का ताज पहनाया। राज मल्होत्रा के किरदार ने उन्हें हर घर का चहेता बना दिया। इसके बाद कभी खुशी कभी ग़म, स्वदेस, देवदास, चक दे इंडिया, और माय नेम इज़ खान जैसी फिल्मों ने उन्हें इंडस्ट्री का सबसे बड़ा सुपरस्टार बना दिया।
अब भी बॉक्स ऑफिस के किंग:
60 साल की उम्र में भी शाहरुख खान का जलवा बरकरार है। हाल की सुपरहिट फिल्मों पठान, जवान और डंकी ने बॉक्स ऑफिस पर रेकॉर्ड तोड़े। अब फैंस बेसब्री से उनकी अगली फिल्म ‘King’ का इंतजार कर रहे हैं, जिसमें वे एक नए अंदाज में नज़र आने वाले हैं। शाहरुख खान सिर्फ एक अभिनेता नहीं, बल्कि एक भावना हैं, जो करोड़ों दिलों पर राज करते हैं। उनका हर जन्मदिन इस बात की याद दिलाता है कि क्यों उन्हें “किंग खान” कहा जाता है क्योंकि उनकी लोकप्रियता उम्र के साथ और बढ़ती जा रही है।