होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
बिजनेस
मनोरंजन
जरा हटके
सेहत
अध्यात्म
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

चुनावी संवाद : प्रधानसंपादक डॉ. हिमांशु द्विवेदी की पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के साथ खास बातचीत, बोले- मोदी को पीएम बनने से कोई ताकत नहीं रोक सकती

चुनावी संवाद : प्रधानसंपादक डॉ. हिमांशु द्विवेदी की पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के साथ खास बातचीत, बोले- मोदी को पीएम बनने से कोई ताकत नहीं रोक सकती

रायपुर। चुनावी संवाद : नेताओं के अपने-अपने दावों के बीच हरिभूमि INH मीडिया समूह के प्रधान संपादक डॉ. हिमांशु द्विवेदी ने चुनावी संवाद किया है, छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह के साथ।चुनावी संवाद में उनसे हुई बातचीत प्रस्तुत है।  प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और राजनांदगांव के विधायक, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह का कहना है कि इस समय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी सबसे बड़ी गारंटी है। देश में जो माहौल दिख रहा है, उसे देखकर कहा जा सकता है कि मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने से दुनिया की कोई ताकत नहीं रोक सकती। उनके नेतृत्व में देश आगे बढ़ रहा है। दुनिया में देश का परचम लहरा रहा है। डॉ. रमन ने राजनांदगांव चुनाव को लेकर कहा कि दुर्ग से जाकर मोतीलाल बोरा भी राजनांदगांव चुनाव लड़े थे वे नहीं कर सके तो भूपेश बघेल क्या कर लेंगे। उनकी हार तय है। कांग्रेस ने विधानसभा में बोल्ड हो चुके खिलाड़ियों को लोकसभा में उतारा है, इस बार सबकी इच्छा पूरी होगी और भाजपा सभी 11 सीटें जीतेगी। 

आप इस समय विधानसभा अध्यक्ष हैं, इस चुनाव में आप अपने को किस भूमिका में देख रहे हैं?

राजनीति में हमेशा दायित्व बदलता रहता है, इसी के साथ कार्य की शैली और काम भी बदलते हैं। कभी विधायक के नाते, कभी सांसद के नाते, कभी केंद्रीय मंत्री के नाते, फिर 15 साल तक मुख्यमंत्री, इसके बाद विपक्ष के नाते भी काम किया है। अब बिल्कुल एक नई भूमिका में विधानसभा अध्यक्ष के नाते काम कर रहा हूं। इस बार चुनाव में मेरी भूमिका सीधे मैदान पर उतरने की नहीं है, मैं इस चुनाव में अपनी भूमिका को अलग रूप से महसूस कर रहा हूं। मुझसे जो राय लेने आते हैं, बात करने आते हैं, उनसे मैं अपनी बात बंद कमरे में कहता हूं, सार्वजनिक रूप से नहीं कहता हूं।

क्या दिख रहा है इस बार का लोकसभा चुनाव ? 
पूरे देश का जो वातावरण बता रहा है, जनता का जो रुख दिख रहा है, उससे साफ लग रहा है कि तीसरी बार पूर्ण बहुमत के साथ नरेंद्र मोदी को सरकार बनाने से दुनिया की कोई ताकत नहीं रोक सकती है। मोदी की गारंटी, इससे बड़ी कोई गारंटी आज नहीं है। मोदी जी ने दस साल के कार्यकाल में जो अद्भुत काम किए हैं, उसका नतीजा है कि उसका विश्वास ग्रास रूट तक दिख रहा है। आज 80 करोड़ परिवारों को मुफ्त में राशन दिया जा रहा है। 12 करोड़ के लिए शौचालय की बात करें, 5 लाख तक के मुफ्त इलाज की बात करें, 40 करोड़ के लिए मुफ्त इलाज की बात करें, किसान सम्मान निधि की बात करें। चार करोड़ आवास भी बने। ऐसी न जाने कितनी योजनाएं हैं, इन योजनाओं ने गरीबों के जीवन में अद्भुत परिवर्तन लाने का काम किया है। दस करोड़ घरों में पीने के पानी की व्यवस्था की है। यही नहीं, आज दुनिया में शक्तिशाली देशों की बात होती है, तो पांच प्रमुख देशों में भारत का नाम आता है। मोदी जी का सपना है, 2047 में भारत पूर्ण विकसित देश हो। विश्व की तीसरी आर्थिक शक्ति बनेगा भारत। 

अब पार्टी से ज्यादा भरोसा एक शख्स नरेंद्र मोदी पर दिखता है, इसको लेकर क्या कहते हैं ? 

जिनका संकल्प इतना गहरा हो, जो जनसंघ के दौर से शुरू करके यहां तक आए हैं। जो 1951 का जनसंघ का घोषणापत्र रहा है, उसके क्रियान्वयन की जिम्मेदारी किसी शख्स को मिल रही है, तो वो नरेंद्र मोदी है। 370 को समाप्त करना, इस असंभव काम को किया है। तीन तलाक को समाप्त करना। अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण करना। घर-घर स्वच्छता अभियान लाने का काम किया। डा. रमन हो या आम आदमी को उसमें अगर परिवर्तन लाने की ताकत किसी में है तो वो नरेंद्र मोदी हैं। दस साल में मोदी जी ने दिखाया है कि मोदी है तो सब मुमकिन है। 

कांग्रेस की गारंटी को लेकर क्या सोचते हैं? राहुल गांधी, महिलाओं को साल में एक लाख देने की बात कह रहे हैं? 

राहुल गांधी पर कभी देश की जनता ने भरोसा ही नहीं किया है। पिछले घोषणापत्र निकाल कर देखिए, गंगाजल हाथ में लेकर, गीता हाथ में लेकर जो-जो संकल्प लिए थे, उनका क्या हुआ। 500 सौ रुपए महिलाओं को प्रति माह देने की बात थी, नहीं दिया। ऐसे कई वादे किए जो पूरे नहीं हुए। इसीलिए कांग्रेस के घोषणापत्र पर जनता भरोसा नहीं करती है। आपकी दुकान तो खुलने वाली नहीं है फिर प्राइस लिस्ट क्यों टांग रहे हैं, आपकी दुकान तो बंद है पिछले 10-15 साल से। आपकी प्राइस लिस्ट पर भरोसा कौन करेगा कि आप सस्ते में अनाज दे रहे हो। 

ये देश में भ्रम फैला रहे हैं, उस भ्रम का निवारण और निराकरण करने का काम प्रधानमंत्री कर रहे हैं। जो तुष्टिकरण की राजनीति करते हैं, जो आज घुसपैठियों को बढ़ावा देने की बात करते हैं। जिस प्रकार से देश को खंडित करने की सोच रखते हैं। इस प्रकार की विचारधारा के खिलाफ लड़ाई है। इसीलिए कठोरता के साथ जनता के सामने अपना पक्ष रखना है, ताकि देश की स्थिति अच्छी रहे। कहीं कोई डर या भय नहीं है।

ऐसी विचारधारा वाले कांग्रेसियों को फिर भाजपा में क्यों लिया जा रहा है?

देश भाजपामय हो रहा है, कांग्रेस से उपेक्षित लोग, निराश और कुंठित हैं, वहां एक व्यक्ति बैठकर तानाशाह की तरह निर्णय ले रहा है। इसके कारण भगदड़ मची हुई है। भगदड़ का कारण नरेंद्र मोदी नहीं, बल्कि खुद राहुल गांधी हैं। उनके प्रमुख लोग हैं जिसके कारण कांग्रेस में आज भगदड़ मची है। जो दल छोड़कर आ रहे हैं, उनके लिए हमारे दरवाजे खुले हैं, हम तो सबका स्वागत करते हैं।


संबंधित समाचार