नई दिल्ली। पेट्रोल में 20 प्रतिशत एथनॉल मिश्रण (E20) को लेकर जारी बहस के बीच आम आदमी पार्टी (AAP) ने केंद्र सरकार के खिलाफ अपना अभियान तेज कर दिया है। पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने घोषणा की है कि इस शनिवार सुबह 11:30 बजे दिल्ली के कांस्टीट्यूशन क्लब में 'नेशनल टाउनहॉल अगेंस्ट E20' का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम का उद्देश्य E20 पेट्रोल को लेकर लोगों की शिकायतों और सुझावों को एक मंच पर लाना बताया गया है।
वाहन चालकों की समस्याओं को उठाएगी AAP
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि बड़ी संख्या में वाहन मालिक E20 पेट्रोल के इस्तेमाल को लेकर अपनी चिंताएं व्यक्त कर रहे हैं। उनका आरोप है कि इससे कई लोगों को वाहनों के प्रदर्शन और रखरखाव से जुड़ी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। पार्टी ने सरकार से मांग की है कि या तो इस नीति की समीक्षा की जाए या उपभोक्ताओं को 100 प्रतिशत शुद्ध पेट्रोल का विकल्प उपलब्ध कराया जाए।
वीडियो संदेश में लोगों से जुड़ने की अपील
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जारी वीडियो संदेश में केजरीवाल ने लोगों से इस अभियान में शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात सरकार तक पहुंचाना हर नागरिक का अधिकार है और E20 से जुड़े मुद्दों पर भी व्यापक जनसंवाद होना चाहिए।
सरकार नहीं मानी तो PM आवास तक जाएगी पिटीशन
AAP ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने E20 नीति पर पुनर्विचार नहीं किया, तो अगले सप्ताह बड़े स्तर पर हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा। इसके बाद पार्टी समर्थकों के साथ प्रधानमंत्री आवास तक पिटीशन लेकर जाएगी और विरोध प्रदर्शन करेगी।
ऑफलाइन और ऑनलाइन दोनों माध्यम से होगी भागीदारी
पार्टी ने बताया कि 'नेशनल टाउनहॉल' में दिल्ली और आसपास के लोग प्रत्यक्ष रूप से हिस्सा ले सकेंगे, जबकि अन्य राज्यों के नागरिक डिजिटल माध्यम से ऑनलाइन जुड़कर अपनी राय और अनुभव साझा कर सकेंगे। AAP का कहना है कि इस कार्यक्रम के जरिए देशभर से वाहन चालकों की समस्याओं को एक साझा मंच मिलेगा।
E20 नीति पर बढ़ रही राजनीतिक बहस
E20 पेट्रोल को लेकर पिछले कुछ समय से राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर बहस तेज हुई है। जहां सरकार इसे ऊर्जा सुरक्षा, एथनॉल उपयोग बढ़ाने और आयातित ईंधन पर निर्भरता कम करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बता रही है, वहीं कई संगठन और विपक्षी दल इसके प्रभावों पर सवाल उठा रहे हैं।