होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

MV Hondius पर फैला खतरनाक वायरस, कैनरी आइलैंड्स ने जहाज रोकने से किया इनकार...

MV Hondius पर फैला खतरनाक वायरस, कैनरी आइलैंड्स ने जहाज रोकने से किया इनकार...

MV Hondius: दुनियाभर में हंतावायरस को लेकर चिंता बढ़ती जा रही है। MV Hondius नामक क्रूज जहाज पर फैले संक्रमण ने अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्वास्थ्य संकट का रूप ले लिया है। जहाज पर सवार 147 यात्री और क्रू सदस्य अपनी सुरक्षा को लेकर भय के माहौल में हैं। वायरस संक्रमण के कारण अब तक तीन लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि एक मरीज की हालत गंभीर बताई जा रही है। इसके अलावा तीन अन्य लोगों में हल्के संक्रमण के लक्षण मिले हैं। स्थिति इतनी गंभीर हो चुकी है कि कई देशों ने जहाज को अपने बंदरगाहों पर रुकने की अनुमति देने से इनकार कर दिया है। अब स्पेन के कैनरी आइलैंड्स प्रशासन ने भी जहाज को अपने क्षेत्र में आने देने का विरोध किया है।

कैनरी आइलैंड्स सरकार ने जताई आपत्ति

कैनरी आइलैंड्स के राष्ट्रपति फर्नांडो क्लाविजो ने स्पेन सरकार के फैसले पर नाराजगी जताते हुए कहा कि बिना पूरी मेडिकल जानकारी के जहाज को द्वीप पर लाना जल्दबाजी होगी। उन्होंने कहा कि अभी तक यह स्पष्ट नहीं है कि जहाज पर कितने लोग संक्रमित हैं और संक्रमण की वास्तविक गंभीरता क्या है। उन्होंने स्पेन के प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज से इस मुद्दे पर तत्काल बैठक बुलाने की मांग की है। दूसरी ओर स्पेन सरकार ने स्थिति की समीक्षा के लिए आपात बैठक आयोजित की है, जिसमें गृह मंत्रालय और स्वास्थ्य मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे।

WHO ने क्या कहा?

विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के अनुसार जहाज पर फिलहाल सात मामलों की पहचान हुई है। इनमें दो मामलों की लैब में पुष्टि हो चुकी है, जबकि पांच संदिग्ध मामले हैं। WHO के महानिदेशक टेड्रोस अधानोम घेब्रेयेसस ने कहा कि वर्तमान जानकारी के आधार पर आम जनता के लिए खतरा फिलहाल कम माना जा रहा है। हालांकि दक्षिण अफ्रीकी स्वास्थ्य अधिकारियों ने संक्रमित मरीजों में हंतावायरस के एंडियन वेरिएंट की पुष्टि की है, जो इंसानों के बीच फैलने की क्षमता रखता है।

कैप वर्डे से स्पेन की ओर बढ़ा जहाज

इससे पहले MV Hondius जहाज अफ्रीकी देश कैप वर्डे पहुंचा था, जहां तीन संक्रमित यात्रियों को इलाज के लिए उतारा गया। अब जहाज स्पेन के कैनरी आइलैंड्स की ओर बढ़ चुका है। कैप वर्डे सरकार ने बताया कि संक्रमित लोगों को एयर एंबुलेंस के जरिए सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने की तैयारी की जा रही है। एक एयर एंबुलेंस विमान वहां पहुंच चुका है, जबकि दूसरा विमान और विशेषज्ञ डॉक्टर जल्द पहुंचेंगे।

क्या है हंतावायरस?

हंतावायरस एक खतरनाक वायरस समूह है, जो मुख्य रूप से चूहों और अन्य कृंतकों में पाया जाता है। यह वायरस संक्रमित जानवरों के मल, मूत्र और लार के संपर्क में आने या उनके सूखे कणों को सांस के जरिए शरीर में पहुंचने से फैलता है। विशेषज्ञों के अनुसार संक्रमण होने पर तेज बुखार, सांस लेने में तकलीफ, मांसपेशियों में दर्द और फेफड़ों से जुड़ी गंभीर समस्याएं हो सकती हैं। एंडियन वेरिएंट को अधिक खतरनाक माना जाता है क्योंकि यह इंसानों के बीच भी फैल सकता है।

स्पेन ने संभाली जिम्मेदारी

WHO और यूरोपीय सेंटर फॉर डिजीज प्रिवेंशन एंड कंट्रोल की निगरानी में स्पेन सरकार जहाज पर मौजूद गंभीर मरीजों को चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की तैयारी कर रही है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने पुष्टि की है कि गंभीर रूप से बीमार डॉक्टर को विशेष मेडिकल विमान के जरिए कैनरी आइलैंड्स लाया जाएगा। फिलहाल पूरी दुनिया की नजर इस जहाज और उससे जुड़े स्वास्थ्य संकट पर टिकी हुई है।


संबंधित समाचार