राजपुर थाना क्षेत्र के ग्राम कुंदीकला में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के एक जवान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। जम्मू-कश्मीर में तैनात जवान छुट्टी लेकर अपने गांव आया हुआ था। बताया जा रहा है कि पत्नी के साथ लंबे समय से चल रहे विवाद के बीच उसने घर के पास एक पेड़ पर फांसी लगा ली। परिजन और ग्रामीण उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
पत्नी से विवाद के बाद घर से निकला जवान
जानकारी के अनुसार, कुंदीकला निवासी 35 वर्षीय राजाराम प्रजापति वर्ष 2021 में CRPF में भर्ती हुए थे और वर्तमान में उनकी तैनाती जम्मू-कश्मीर में थी। छुट्टी पर घर आने के बाद उनका पत्नी के साथ लगातार विवाद हो रहा था। बुधवार को भी दोनों के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद राजाराम घर से बाहर निकल गए।
मां के शोर मचाने पर पहुंचे ग्रामीण
परिजनों के मुताबिक, राजाराम रस्सी लेकर घर से निकले और पास स्थित आम के पेड़ पर फंदा लगा लिया। यह देख उनकी मां ने शोर मचाया, जिसके बाद परिवार के सदस्य और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। सभी ने मिलकर उन्हें नीचे उतारा और तत्काल इलाज के लिए अस्पताल रवाना किया।
अस्पताल में तोड़ा दम
गंभीर हालत में जवान को अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
पहले भी लगा चुके थे गंभीर आरोप
बताया जा रहा है कि करीब छह माह पहले भी राजाराम ने कथित पारिवारिक प्रताड़ना से परेशान होकर जहर सेवन कर लिया था। उस दौरान उन्होंने एक वीडियो जारी कर पत्नी और ससुराल पक्ष पर कई आरोप लगाए थे। फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और घटना के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।