मध्यप्रदेश में बर्फ जम जाने वाली ठंड
MP Morning News : मध्यप्रदेश इन दिनों कड़ाके की ठंड की चपेट में है। प्रदेश के पूर्वी हिस्सों जबलपुर, रीवा, शहडोल और सागर संभाग में ठंड ने रिकॉर्ड तोड़ दिया है। शहडोल जिले के कल्याणपुर क्षेत्र में बीती रात न्यूनतम तापमान 1.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन का अब तक का सबसे कम तापमान माना जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, आज भी प्रदेश के कई जिलों में ऐसा ही मौसम बना रहेगा। शीतलहर, कोल्ड डे और तेज सर्द हवाओं के बीच इस बार न्यू ईयर सेलिब्रेशन भी ठिठुरन के साथ होगा।
कोहरा और शीतलहर
पहाड़ी राज्यों में हो रही बर्फबारी और पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टरबेंस) की सक्रियता के चलते मध्यप्रदेश में ठंड का असर और बढ़ गया है। सुबह के समय घना कोहरा छाया हुआ है, जिससे दृश्यता बेहद कम हो गई है। इस कारण दिल्ली से भोपाल, इंदौर और उज्जैन आने वाली 10 से अधिक ट्रेनें देरी से चल रही हैं। प्रदेश के कई शहरों में रात का तापमान सामान्य से काफी नीचे चला गया है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है।
निगम-मंडल नियुक्तियां, आएगी सूची!
नए साल में प्रदेश सरकार में राजनीतिक नियुक्तियों की प्रक्रिया भी रफ्तार पकड़ने वाली है। सूत्रों के अनुसार, मकर संक्रांति के आसपास निगम-मंडल, आयोग और प्राधिकरणों में नियुक्तियों की पहली सूची जारी हो सकती है। इस पर राष्ट्रीय नेतृत्व की सहमति मिल चुकी है। इसके साथ ही प्रदेश कार्यसमिति, जिला प्रभारियों, विभिन्न प्रकोष्ठों के संयोजक और सह-संयोजकों के पदों पर भी नियुक्तियां की जाएंगी। पार्टी ने तय किया है कि सभी नियुक्तियां एक साथ न कर सूची चरणबद्ध तरीके से जारी की जाएगी। यदि सूची संक्रांति से पहले आती है तो पदभार ग्रहण खरमास समाप्त होने के बाद होगा।
भोपाल में बिजली कटौती
राजधानी भोपाल में साल के अंतिम दिन भी लोगों को बिजली कटौती का सामना करना पड़ेगा। सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक अर्जुन नगर, न्यू सुभाष नगर, अशोक नगर, चंबल कॉलोनी, अशोका एन्क्लेव, शालीमार कॉम्प्लेक्स, बाग दिलकुशा, पुल बोगदा सहित कई इलाकों में बिजली सप्लाई बंद रहेगी। इसके अलावा सागर ग्रीन हिल्स, दानिश हिल्स, सर्वधर्म डी सेक्टर, भानपुर, बैरागढ़, ईरानी बस्ती, खाटलापुरा और चिकलोद रोड सहित अन्य क्षेत्रों में भी अलग-अलग समय पर बिजली कटौती प्रस्तावित है।
नए साल में घरों में भी जश्न
न्यू ईयर सेलिब्रेशन को लेकर आबकारी विभाग ने अस्थायी लाइसेंस जारी किए हैं। 31 दिसंबर और 1 जनवरी के लिए कुल 600 अस्थायी शराब लाइसेंस दिए गए हैं। इनमें से अकेले भोपाल में 150 लाइसेंस जारी किए गए हैं। इससे साफ है कि इस बार नए साल पर घरों और निजी आयोजनों में जश्न का माहौल रहेगा और शराब की बिक्री में भी बढ़ोतरी होगी।