भोपाल। मध्यप्रदेश में नवंबर के आखिरी दिनों के साथ ही ठंड ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। प्रदेश के कई इलाकों में रात के तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। मौसम में आए इस बदलाव के चलते लोगों को सुबह और रात के समय तेज ठिठुरन का सामना करना पड़ रहा है। भोपाल समेत प्रदेश के चार जिलों में शीतलहर को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।
भोपाल में टूटा ठंड का रिकॉर्ड
मौसम के आंकड़ों के मुताबिक, कटनी जिले के करौंदी में न्यूनतम तापमान 6.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा। वहीं राजधानी भोपाल में भी इस महीने तीसरी बार कड़ाके की ठंड का रिकॉर्ड बना है। यहां न्यूनतम तापमान गिरकर 8.8 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया।
10 शहरों में पारा 10 डिग्री से नीचे,
प्रदेश के करीब 10 शहरों में रात का पारा 10 डिग्री से नीचे बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार, आने वाले दो दिनों में न्यूनतम तापमान में लगभग 2 डिग्री सेल्सियस तक और गिरावट हो सकती है।
फिलहाल ठंड से राहत मिलने के आसार कम
पहाड़ी क्षेत्रों में हो रही बर्फबारी और उत्तर दिशा से आ रही ठंडी हवाओं के कारण मध्यप्रदेश में सर्दी बढ़ रही है। मौसम का यही रुख आगे भी जारी रहने की संभावना है। सुबह के समय धुंध छाने और दिन में ठंडी हवाएं चलने से लोगों को फिलहाल ठंड से राहत मिलने के आसार कम हैं।