छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के अभनपुर में चल रहे कांग्रेस के 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर के बीच मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राहुल गांधी के प्रस्तावित दौरे को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राहुल गांधी जहां भी जाते हैं, वहां कांग्रेस की राजनीतिक स्थिति क्या होती है, यह देश की जनता अच्छी तरह जानती है। उनके इस बयान के बाद प्रदेश की सियासत एक बार फिर गरमा गई है।
प्रशिक्षण शिविर के दूसरे दिन पहुंचेंगे राहुल गांधी
कांग्रेस के संगठनात्मक प्रशिक्षण कार्यक्रम का रविवार को दूसरा दिन है। इसी दिन वरिष्ठ कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी रायपुर पहुंचेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वे कई घंटों तक शिविर में मौजूद रहेंगे और पार्टी के जिला अध्यक्षों व अन्य पदाधिकारियों के साथ संवाद करेंगे।
संगठन को मजबूत बनाने पर रहेगा फोकस
अभनपुर में आयोजित इस आवासीय शिविर का उद्देश्य संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करना और जमीनी स्तर पर पार्टी की सक्रियता बढ़ाना है। प्रशिक्षण कार्यक्रम में पदाधिकारियों को संगठन संचालन, जनसंपर्क और राजनीतिक रणनीति से जुड़े विभिन्न विषयों पर मार्गदर्शन दिया जा रहा है।
जिला अध्यक्षों और पदाधिकारियों को देंगे दिशा-निर्देश
राहुल गांधी प्रशिक्षण शिविर में शामिल होकर संगठन के पदाधिकारियों को संबोधित करेंगे। इस दौरान पार्टी की भावी रणनीति, संगठन विस्तार और आगामी राजनीतिक चुनौतियों को लेकर चर्चा होने की संभावना है। कांग्रेस नेतृत्व का मानना है कि इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रमों से संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी और कार्यकर्ताओं की क्षमता में भी वृद्धि होगी।