Old Age Home Inauguration : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को भोपाल में 24 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित प्रदेश के पहले सर्वसुविधायुक्त वृद्धाश्रम का लोकार्पण किया। इस मौके पर उन्होंने वृद्धाश्रम का निरीक्षण कर बुजुर्गों के लिए उपलब्ध कराई गई सभी सुविधाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण और बुजुर्गों से संवाद
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने पूरे वृद्धाश्रम का भ्रमण करते हुए आवास, चिकित्सा, भोजन और मनोरंजन से जुड़ी व्यवस्थाओं को देखा। उन्होंने कहा कि बुजुर्गों का आशीर्वाद समाज और सरकार दोनों के लिए शक्ति का स्रोत है और ऐसे संस्थानों की प्रदेश में नितांत आवश्यकता है।
दिव्यांगजनों का बढ़ाया हौसला
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री दिव्यांगजनों द्वारा लगाए गए स्टॉल्स तक पहुंचे, जहां हाथ से बने उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई गई थी। उन्होंने बच्चों की सराहना करते हुए कहा कि दिव्यांगजनों को केवल सुविधाओं की नहीं, बल्कि समाज के स्नेह और सहयोग की भी जरूरत है।
सिंगल क्लिक से पेंशन राशि अंतरित
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सिंगल क्लिक के माध्यम से प्रदेश के 54 लाख से अधिक वरिष्ठ नागरिकों के खातों में 327 करोड़ रुपये की पेंशन राशि अंतरित की। उन्होंने इसे सामाजिक सुरक्षा की दिशा में सरकार का मजबूत कदम बताया।
प्रतिभाओं का सम्मान
इस मौके पर विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में विजेता दिव्यांग बच्चों को ट्रॉफी और मेडल देकर सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि दिव्यांग खिलाड़ी अपनी मेहनत और प्रतिभा से समाज को प्रेरणा दे रहे हैं।
सीएम मोहन का संबोधन
मुख्यमंत्री ने अपने उद्बोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के हर क्षेत्र में विकास हो रहा है। भारत की पहचान सनातन संस्कृति से जुड़ी है, जो करुणा और सेवा का संदेश देती है। उन्होंने कहा कि सरकार के साथ-साथ समाज को भी आगे आकर वृद्धाश्रम जैसे कार्यों में योगदान देना चाहिए। सीएम मोहन यादव ने आगे कहा कि सीएम ने कहा कि मध्यप्रदेश आज देश के तीन सर्वाधिक विकासशील राज्यों में शामिल है। दावोस में भारत की ओर से गया सबसे बड़ा प्रतिनिधिमंडल मध्यप्रदेश से था। उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश में देश की सबसे सस्ती बिजली उपलब्ध है और कृषि उत्पादन में मध्यप्रदेश अग्रणी भूमिका निभा रहा है।
गणतंत्र दिवस और बसंत पंचमी की शुभकामनाएं
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेशवासियों को गणतंत्र दिवस और बसंत पंचमी की शुभकामनाएं दीं।