छत्तीसगढ़ में शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर सामने आई है। राज्य सरकार ने सहायक शिक्षक भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ाते हुए परीक्षा की संभावित तारीख घोषित कर दी है। इस भर्ती के तहत बड़ी संख्या में पद भरे जाएंगे, जिससे हजारों अभ्यर्थियों को सरकारी नौकरी पाने का अवसर मिलेगा।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की घोषणा के अनुरूप स्कूल शिक्षा विभाग में कुल 5000 शिक्षकीय पदों पर भर्ती की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। इसी क्रम में सहायक शिक्षक के 2292 पदों पर भर्ती के लिए जल्द ही आधिकारिक विज्ञापन जारी किया जाएगा।
इतने पदों पर होगी भर्ती
विभागीय जानकारी के अनुसार, सहायक शिक्षक के कुल 2292 पदों को भरा जाएगा। इनमें से 795 पद ई-संवर्ग के स्कूलों के लिए और 1497 पद टी-संवर्ग के स्कूलों के लिए निर्धारित किए गए हैं। उम्मीदवारों के लिए शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा और अन्य जरूरी शर्तें विस्तृत नोटिफिकेशन में जारी की जाएंगी।
परीक्षा की तारीख तय
लोक शिक्षण संचालनालय के अधिकारियों ने बताया कि इस भर्ती के लिए लिखित परीक्षा का आयोजन छत्तीसगढ़ व्यापम (CG Vyapam) द्वारा किया जाएगा। परीक्षा की संभावित तिथि 11 अक्टूबर 2026 तय की गई है। हालांकि, अंतिम तिथि आधिकारिक अधिसूचना जारी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।
आवेदन प्रक्रिया जल्द होगी शुरू
फिलहाल आवेदन की तारीखों की घोषणा नहीं की गई है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि ऑनलाइन आवेदन कब से शुरू होंगे, इसकी जानकारी जल्द ही व्यापम की वेबसाइट पर जारी की जाएगी। ऐसे में अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे नियमित रूप से आधिकारिक वेबसाइट चेक करते रहें।
कहां मिलेगी पूरी जानकारी?
उम्मीदवार भर्ती से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण जानकारी जैसे शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा, आरक्षण और परीक्षा का सिलेबस छत्तीसगढ़ व्यापम की आधिकारिक वेबसाइट https://vyapamcg.cgstate.gov.in/ और स्कूल शिक्षा विभाग की वेबसाइट https://eduportal.cg.nic.in/ पर देख सकते हैं।
आगे और भर्तियों की तैयारी
सरकार की योजना के अनुसार, आने वाले समय में शिक्षक और व्याख्याता (Lecturer) के पदों पर भी अलग-अलग भर्ती विज्ञापन जारी किए जाएंगे। इससे साफ है कि राज्य में बड़े स्तर पर शिक्षकीय भर्ती अभियान चलाया जाएगा।