होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

CGPSC भर्ती घोटाला: ED की चार्जशीट में चैट और बैंक रिकॉर्ड का जिक्र, उत्कर्ष-चेतन की बातचीत पर जांच एजेंसी की नजर

CGPSC भर्ती घोटाला: ED की चार्जशीट में चैट और बैंक रिकॉर्ड का जिक्र, उत्कर्ष-चेतन की बातचीत पर जांच एजेंसी की नजर

रायपुर: छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) भर्ती घोटाला मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की चार्जशीट में उत्कर्ष चंद्राकर और पूर्व मुख्यमंत्री के ओएसडी रहे चेतन बोरघरिया के बीच हुई WhatsApp बातचीत का विस्तृत उल्लेख किया गया है। जांच एजेंसी ने इन चैट को कथित वित्तीय लेन-देन और बैंक रिकॉर्ड के साथ जोड़कर अपनी जांच में शामिल किया है।

चार्जशीट में दर्ज बातचीत के अनुसार, दोनों के बीच चयन और रकम से संबंधित बातचीत होने का दावा किया गया है। हालांकि, चेतन बोरघरिया ने अभ्यर्थियों से पैसे लेने के आरोपों को खारिज किया है। उनका कहना है कि उत्कर्ष से ली गई रकम व्यक्तिगत उधार थी, जिसे उन्होंने वापस किया था।

मई 2025 में मैसेज से शुरू हुआ संपर्क

ED की चार्जशीट के मुताबिक, 14 और 15 मई 2025 को उत्कर्ष चंद्राकर और चेतन बोरघरिया के बीच WhatsApp पर बातचीत हुई थी। इस दौरान उत्कर्ष की ओर से चेतन को कथित तौर पर मैसेज भेजा गया कि वह कॉल नहीं उठा रहे हैं और ऐसा होने पर परेशानी बढ़ सकती है। इसके बाद चेतन ने उत्कर्ष को ब्लॉक कर दिया। जांच रिकॉर्ड के अनुसार, 11 अगस्त 2025 को दोनों के बीच दोबारा संपर्क शुरू हुआ।

बातचीत में रकम को लेकर दबाव का दावा

चार्जशीट में उत्कर्ष की ओर से भेजे गए कुछ ऐसे संदेशों का भी उल्लेख है, जिनमें कथित तौर पर रकम को लेकर दबाव बनाने की बात सामने आती है। एक संदेश में पेन ड्राइव में जानकारी होने और उसे मीडिया के सामने रखने तथा मामला दर्ज कराने की बात कही गई। एक अन्य संदेश में ‘सबको ले के डूबूंगा’ जैसे शब्दों का जिक्र किया गया है। ED ने इन बातचीत को मामले से जुड़े दूसरे दस्तावेजों और बैंक ट्रांजैक्शन के साथ मिलाकर जांच का हिस्सा बनाया है।

चेतन की तरफ से आए ‘वेट करो’ वाले मैसेज

चार्जशीट में चेतन बोरघरिया की ओर से भेजे गए कई जवाबों का भी उल्लेख है। इनमें कथित तौर पर ‘वेट करो’, ‘कल तक आएगा’ और ‘तुम्हारा ही काम कर रहा हूं’ जैसे संदेश शामिल हैं। एक अन्य बातचीत में कथित तौर पर ‘इधर पांच ही हो पाएगा, उससे ज्यादा नहीं’ लिखा गया। इसके बाद ‘हो गया है’ और ‘कल हैंडओवर होगा’ जैसे मैसेज का भी जिक्र चार्जशीट में किया गया है। 29 नवंबर की बातचीत को लेकर भी ED ने चार्जशीट में जानकारी दी है। इसमें भुगतान के स्क्रीनशॉट के साथ ‘अभी सैलरी से किया हूं’ लिखे होने का उल्लेख है।

3.13 करोड़ रुपये जुटाने का आरोप

ED का आरोप है कि उत्कर्ष चंद्राकर, डॉ. विकास चंद्राकर और अन्य लोगों के जरिए CGPSC अभ्यर्थियों से चयन के नाम पर करीब 3.13 करोड़ रुपये जुटाए गए। जांच एजेंसी ने इस पूरे मामले में WhatsApp चैट के साथ बैंक खातों में हुए लेन-देन को भी खंगाला है। चार्जशीट में चेतन और उत्कर्ष के बीच हुई बातचीत को इसी जांच का हिस्सा बनाया गया है।

चेतन बोरघरिया ने क्या कहा?

चेतन बोरघरिया ने ED के सामने अभ्यर्थियों से पैसे लेने के आरोप से इनकार किया है। उनके मुताबिक, उन्होंने उत्कर्ष चंद्राकर से करीब 5 से 6 लाख रुपये उधार लिए थे और बाद में वही रकम वापस की। उन्होंने अभ्यर्थियों से 30 लाख रुपये या किसी अन्य रकम की वसूली से भी इनकार किया है। इस तरह ED की चार्जशीट में दर्ज WhatsApp चैट, बैंक रिकॉर्ड और अन्य दस्तावेज अब मामले की जांच में अहम भूमिका निभा रहे हैं। हालांकि, इन आरोपों पर अंतिम फैसला न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही होगा।


संबंधित समाचार