रायपुर। नवा रायपुर में छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के 26 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित तीन दिवसीय राज्योत्सव का दूसरा दिन खास रहने वाला है। सोमवार को राज्योत्सव में प्रदेश की लोकसंस्कृति, कला और संगीत के साथ आसमान में भारतीय वायुसेना का शौर्य भी देखने को मिलेगा। वायुसेना की प्रसिद्ध सारंग हेलिकॉप्टर डिस्प्ले टीम अपने रोमांचक एयर शो के जरिए दर्शकों को रोमांचित करेगी। वहीं सांस्कृतिक मंच पर नाटक, शास्त्रीय नृत्य और संगीत की प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी। राज्योत्सव के दूसरे दिन आयोजित कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस दौरान वे प्रदेशवासियों को राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं भी देंगे।
सारंग हेलिकॉप्टर टीम के एयर शो में दिखेगा वायुसेना का दम
भारतीय वायुसेना की सारंग हेलिकॉप्टर डिस्प्ले टीम का राज्योत्सव के हवाई प्रदर्शन को लेकर दूसरे दिन सबसे ज्यादा उत्सुकता रहने वाला है। नवा रायपुर स्थित सेंध लेक में आयोजित होने वाला यह एयर शो दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण रहेगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, एयर शो सुबह 11:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे के बीच आयोजित किया जाएगा। लगभग 40 मिनट के इस प्रदर्शन में वायुसेना के हेलिकॉप्टर आसमान में एक से बढ़कर एक रोमांचक करतब दिखाएंगे। इस दौरान दर्शकों को भारतीय वायुसेना की तकनीकी क्षमता, अनुशासन और साहसिक प्रदर्शन देखने का अवसर मिलेगा। आयोजन के माध्यम से युवाओं को सैन्य विमानन और देशसेवा के प्रति प्रेरित करने का भी प्रयास किया जाएगा। प्रशासन की ओर से दर्शकों को कार्यक्रम स्थल पर समय से पहले पहुंचने की अपील की गई है।
मेहुल की गायिकी बिखेरेगी रंग
राज्योत्सव का दूसरा दिन हवाई करतबों के साथ-साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी आकर्षक प्रस्तुतियां होंगी। समारोह के मंच पर 'मैं अयोध्या हूं' नाटक का मंचन किया जाएगा, जो दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण रहेगा। इसके साथ ही लोकप्रिय गायिका स्वास्ति मेहुल अपनी आवाज का जादू बिखेरेंगी। उनकी संगीतमय प्रस्तुति से समारोह में संगीत का रंग देखने को मिलेगा। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में ओडिसी और कथक जैसे शास्त्रीय नृत्यों के साथ छत्तीसगढ़ के पारंपरिक सुआ नृत्य और पंडवानी की प्रस्तुति भी होगी। इन कार्यक्रमों के जरिए प्रदेश की समृद्ध लोकपरंपराओं और भारतीय सांस्कृतिक विरासत को मंच पर प्रदर्शित किया जाएगा।
एयर शो के कारण रायपुर एयरपोर्ट का रनवे ढाई घंटे रहेगा बंद
रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर नवा रायपुर में होने वाले एयर शो को देखते हुए भी विशेष व्यवस्था की गई है। सुरक्षा और हवाई संचालन से जुड़ी तैयारियों के तहत एयरपोर्ट का रनवे सुबह 11 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक बंद रखा जाएगा। इस अवधि में कुछ नियमित उड़ानों के संचालन समय में बदलाव किया गया है। जानकारी के मुताबिक, दिल्ली, हैदराबाद और लखनऊ से संबंधित उड़ानों को रीशेड्यूल किया जाएगा। हालांकि, सारंग हेलिकॉप्टर टीम का प्रदर्शन करीब 40 मिनट का होगा, लेकिन हवाई सुरक्षा और संचालन संबंधी व्यवस्थाओं के चलते रनवे को लगभग ढाई घंटे तक बंद रखने का निर्णय लिया गया है। ऐसे में हवाई यात्रा करने वाले यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे एयरपोर्ट पहुंचने से पहले अपनी फ्लाइट का अपडेट जरूर जांच लें।
कला, संस्कृति और वायुसेना के शौर्य से यादगार बनेगा दूसरा दिन
प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान और भारतीय वायुसेना के साहसिक प्रदर्शन से छत्तीसगढ़ राज्योत्सव का दूसरे दिन का अनूठा संगम बनने जा रहा है। एक ओर पारंपरिक नृत्य, नाटक और संगीत के जरिए छत्तीसगढ़ की विरासत देखने को मिलेगी, तो दूसरी ओर आसमान में सारंग टीम के हेलिकॉप्टर अपने करतबों से लोगों का ध्यान आकर्षित करेंगे