छत्तीसगढ़ के राज्योत्सव के समापन समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी तय हो गई है। जारी कार्यक्रम के मुताबिक, अमित शाह 3 नवंबर को रायपुर पहुंचेंगे और राज्योत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। अपने दौरे के दौरान वे राजधानी में एक निजी अस्पताल का उद्घाटन भी करेंगे। गृह मंत्री के दौरे को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं।
दोपहर 3 बजे रायपुर पहुंचेंगे अमित शाह
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 3 नवंबर को दोपहर 3 बजे रायपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां से वे निजी अस्पताल के उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल होने जाएंगे। इसके बाद शाम 6 बजे से रात 8 बजे तक राज्योत्सव के समापन समारोह में मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वे दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे।
'नक्सल मुक्त राज्य' की थीम पर आयोजित हो रहा राज्योत्सव
इस बार छत्तीसगढ़ राज्योत्सव की थीम 'नक्सल मुक्त राज्य' रखी गई है। खास बात यह है कि अमित शाह ने देश और प्रदेश को नक्सलवाद से मुक्त कराने के लिए समयसीमा निर्धारित की थी। उन्होंने इस लक्ष्य को पूरा करने के लिए सुरक्षा अभियानों के साथ विकास कार्यों पर भी जोर दिया है।
ऐसे में राज्योत्सव के समापन समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री की मौजूदगी को नक्सलवाद के खिलाफ जारी अभियान और छत्तीसगढ़ में आए बदलाव के संदेश के तौर पर देखा जा रहा है।
स्थानीय कलाकारों को मिलेगा सांस्कृतिक मंच पर प्राथमिकता
राज्य के संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल ने बताया कि राज्योत्सव के सांस्कृतिक कार्यक्रमों में छत्तीसगढ़ के स्थानीय कलाकारों और लोक नर्तकों को प्राथमिकता दी जाएगी। इसका उद्देश्य प्रदेश की लोककला, संस्कृति और जमीनी प्रतिभाओं को बड़ा मंच उपलब्ध कराना है।
मंत्री के मुताबिक, जनता और युवाओं की मांग को ध्यान में रखते हुए देश के तीन चर्चित बाहरी कलाकारों को भी आमंत्रित किया गया है। इस तरह राज्योत्सव में स्थानीय संस्कृति के साथ राष्ट्रीय स्तर के कलाकारों की प्रस्तुतियां भी देखने को मिलेंगी।