होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

छत्तीसगढ़ में अफसरशाही पर सवाल: PCCF की बेटी की शादी में सरकारी कर्मचारियों की ड्यूटी, एयरपोर्ट से होटल तक तैनाती

छत्तीसगढ़ में अफसरशाही पर सवाल: PCCF की बेटी की शादी में सरकारी कर्मचारियों की ड्यूटी, एयरपोर्ट से होटल तक तैनाती

मनोज नायक // रायपुर: छत्तीसगढ़ के वन विभाग में अफसरशाही के कथित दुरुपयोग का मामला सामने आया है। आरोप है कि विभाग के सबसे वरिष्ठ अधिकारी की बेटी की शादी के लिए सरकारी कर्मचारियों और अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। मेहमानों के स्वागत से लेकर उन्हें एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन और होटलों तक पहुंचाने की जिम्मेदारी वन विभाग के अमले को सौंपी गई है। इस मामले से सरकारी मशीनरी के निजी इस्तेमाल को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।

व्हाट्सऐप ग्रुप में जारी हुआ ड्यूटी चार्ट

जानकारी के मुताबिक, PCCF अरुण कुमार पाण्डेय की बेटी डॉ. मनिका का विवाह समारोह 21 नवंबर को आयोजित होने जा रहा है। शादी में आने वाले मेहमानों की अगवानी और व्यवस्थाओं के लिए विभागीय कर्मचारियों की तैनाती की गई है। हरिभूमि डॉट कॉम के पास इस संबंध में व्हाट्सऐप चैट और कागज पर तैयार किया गया ड्यूटी चार्ट मौजूद होने की बात कही गई है।

ड्यूटी चार्ट के अनुसार, कर्मचारियों को एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन, होटल और विवाह समारोह से जुड़े अलग-अलग स्थानों पर पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं। इसके लिए व्हाट्सऐप ग्रुप के माध्यम से भी कर्मचारियों को उनकी जिम्मेदारियां बताई गई हैं।

फॉरेस्ट गार्ड से लेकर बड़े अधिकारियों तक की ड्यूटी

इस व्यवस्था में फॉरेस्ट गार्ड, फॉरेस्टर, डिप्टी रेंजर और रेंजर सहित विभाग के कई स्तरों के कर्मचारियों और अधिकारियों को शामिल किए जाने का दावा है। इतना ही नहीं, कर्मचारियों को शादी समारोह में सादी वर्दी में पहुंचने के निर्देश दिए जाने की भी जानकारी सामने आई है।

बताया जा रहा है कि पिछले करीब एक सप्ताह से वन विभाग का अमला अपनी नियमित विभागीय जिम्मेदारियों के बजाय शादी समारोह की तैयारियों और व्यवस्थाओं में जुटा हुआ है।

सरकारी कर्मचारियों के निजी इस्तेमाल पर उठे सवाल

इस पूरे मामले ने सरकारी संसाधनों और कर्मचारियों के निजी आयोजनों में इस्तेमाल को लेकर बहस छेड़ दी है। सवाल यह है कि क्या किसी वरिष्ठ अधिकारी के पारिवारिक समारोह के लिए विभागीय कर्मचारियों की ड्यूटी लगाना उचित है? क्या सरकारी कर्मचारियों का उपयोग निजी कार्यक्रमों की व्यवस्थाओं में किया जा सकता है? अब देखना होगा कि इस मामले पर वन विभाग और संबंधित अधिकारी क्या स्पष्टीकरण देते हैं।


संबंधित समाचार