Bhopal Police : आगामी त्योहारों को देखते हुए राजधानी भोपाल में कानून-व्यवस्था कायम रखने के लिए भोपाल पुलिस ने बीते मंगलवार की देर रात शहरभर में व्यापक कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाया। पुलिस कमिश्नर संजय कुमार के नेतृत्व में करीब 400 पुलिसकर्मियों ने निशातपुरा स्थित अमन कॉलोनी के कुख्यात ईरानी डेरे सहित विभिन्न क्षेत्रों में सघन दबिश दी।
408 आरोपी गिरफ्तार
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कुल 408 आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें 283 स्थायी वारंटी और 125 गिरफ्तारी वारंटी शामिल हैं। इसके अलावा गंभीर अपराधों में फरार 8 बदमाश, 2 इनामी आरोपी, 5 वाहन चोर, 2 नकबजन और 4 जिला बदर आरोपियों को भी पकड़ा गया।
ईरानी डेरे की घेराबंदी
ईरानी डेरे पर विशेष घेराबंदी कर करीब 40 लोगों को हिरासत में लिया गया, जिनसे पूछताछ जारी है। पुलिस के अनुसार, पकड़े गए आरोपियों में 8 बदमाश अन्य राज्यों में मोस्ट वांटेड बताए जा रहे हैं। दो इनामी बदमाश भी गिरफ्तार किए गए, जिनमें से एक पर डेढ़ लाख रुपये का इनाम घोषित था।
सोना-चांदी और बाइक बरामद
अभियान के दौरान चोरी की बाइक, सोना-चांदी और मोबाइल फोन भी बरामद किए गए। ऐशबाग पुलिस ने गोवंश प्रकरण में फरार 5000 रूपए के इनामी आरोपी मोहम्मद अमन को गली नंबर 9 और कामू बाग क्षेत्र से गिरफ्तार किया। वहीं अशोक गार्डन पुलिस ने 2000 रूपए के इनामी बदमाश को भी पकड़ा। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।