Bhopal Film Festival : भोपाल फिल्म फेस्टिवल टीबीएफएफ का पहला संस्करण 21 और 22 फरवरी को कुशाभाऊ ठाकरे कन्वेंशन सेंटर में आयोजित होने जा रहा है। यह मध्य भारत का सबसे बड़ा फिल्म फेस्टिवल है, जो फिल्मों को देखने, समझने और उन पर सार्थक चर्चा के लिए एक विशेष मंच प्रदान करता है।
हार्ट ऑफ इंडिया से सिनेमा
हार्ट ऑफ इंडिया से सिनेमा इस थीम के साथ यह फिल्म महोत्सव भोपाल शहर को सिनेमा जगत में ऐसा मुकाम दिलाना चाहता है, जहां स्थानीय कहानियों और कलाकारों को भी एक वैश्विक मंच मिल सके। इस फिल्मोत्सव में नवीन और अनुभवी फिल्मकारों की चुनी हुई फिल्में प्रदर्शित की जाएंगी, जिनमें मानवीय संवेदनाओं और सामाजिक बदलाव से जुड़े विषयों पर आधारित फिल्में शामिल होंगी।
प्रतियोगिता की श्रेणियां
प्रतियोगिता की श्रेणियां हैं जनरल फिक्शन एवं नॉन फिक्शन, वीमेंस वॉइसेज और हार्ट ऑफ इंडिया, जो स्थानीय संस्कृति से जुड़ी कहानियों को सामने लाती हैं। विशेष स्क्रीनिंग में भारतीय और अंतर्राष्ट्रीय फिल्में दिखाई
जाएंगी।
ये कलाकार होंगे शामिल
प्रसिद्ध फिल्मकार अनुराग बसु विशेष अतिथि के रूप में शामिल होंगे, साथ ही बेजॉय नाम्बियार, हंसल मेहता, स्मृति किरण, हुमा कुरैशी, यशोवर्धन मिश्रा, अशोक मिश्रा और अचिन जैन के साथ मास्टर क्लास और बातचीत के सत्र होंगे।
महिलाओं की भागीदारी पर चर्चा
इन सत्रों में फिल्म निर्माण की प्रक्रिया, भारतीय सिनेमा के बदलते स्वरूप तथा विशेष रूप से भारतीय सिनेमा में महिलाओं की भागीदारी पर भी चर्चा होगी, जिस विषय पर हुमा कुरैशी अपने विचार साझा करेंगी। फेस्टिवल में 'कार्निवल ऑफ कल्चर्स' भी आयोजित होगा, जिसमें सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, हस्तशिल्प बाजार, क्षेत्रीय व्यंजन और इंटरएक्टिव इंस्टॉलेशन शामिल होंगे।